– भोपाल को क्रिकेट, मॉडर्न पेंटाथलॉन, थ्रो बॉल और तलवारबाजी समेत कई प्रतियोगिताओं की मेजबानी, स्कूल गेम्स फेडरेशन की तिथियों के अनुसार होगा संशोधन
एनएसटी न्यूज, भोपाल। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश ने वर्ष 2026-27 का राज्य स्तरीय शालेय खेल कैलेंडर जारी कर दिया है। संयुक्त संचालक आलोक खरे द्वारा जारी आदेश के अनुसार सितंबर से दिसंबर 2026 के बीच प्रदेश के विभिन्न जिलों में 83 राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कैलेंडर जिले एवं संभागों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर तैयार किया गया है। संचालनालय ने सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी कार्यक्रम के अनुसार जिला एवं संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं समय पर संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
आदेश में कहा गया है कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थल और तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। हालांकि, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) द्वारा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तिथियां घोषित होने के बाद यदि कार्यक्रम में टकराव होता है तो आवश्यकतानुसार खेल कैलेंडर में संशोधन किया जाएगा। जिला और संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं समय पर पूरी कर चयनित खिलाड़ियों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
भोपाल को मिली कई अहम प्रतियोगिताओं की मेजबानी
जारी कैलेंडर के अनुसार राजधानी भोपाल को कई प्रमुख खेलों की मेजबानी मिली है। यहां 17 वर्ष आयु वर्ग की वॉलीबॉल, 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग की बॉक्सिंग, 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग की तलवारबाजी, 14 वर्ष बालक एवं 19 वर्ष बालिका क्रिकेट, 19 वर्ष आयु वर्ग की मॉडर्न पेंटाथलॉन तथा 19 वर्ष आयु वर्ग की थ्रो बॉल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
सितंबर से दिसंबर तक चलेगा खेल महाकुंभ
खेल कैलेंडर की शुरुआत 7 सितंबर से होगी। पहले चरण में वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, हैंडबॉल, बेसबॉल और शूटिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके बाद बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, जूडो, तैराकी, एथलेटिक्स, क्रिकेट, हॉकी, कबड्डी, योगासन, नेटबॉल, साइक्लिंग, तीरंदाजी, कराटे, थ्रो बॉल, सेपक टकरा, रोलर स्केटिंग, कलारीपयट्टू, मिनी गोल्फ और पिट्टू सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं दिसंबर तक अलग-अलग जिलों में आयोजित की जाएंगी। प्रदेश के भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, सागर, रीवा, सतना, शिवपुरी, देवास, हरदा, मंदसौर, बालाघाट, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, गुना, शहडोल, शाजापुर, विदिशा, मुरैना, पन्ना, रायसेन, राजगढ़, नरसिंहपुर, सीहोर, उमरिया, श्योपुर, धार, खरगोन, मंडला और छतरपुर सहित विभिन्न जिलों को प्रतियोगिताओं की मेजबानी सौंपी गई है।


