अमायरा खोसला का कमाल, वर्ल्ड यूथ क्लाइंबिंग चैंपियनशिप में रचा इतिहास

0

नई दिल्ली : भारत की 15 वर्षीय स्पीड क्लाइंबर अमायरा खोसला ने इटली के आर्को में आयोजित आईएफएससी वर्ल्ड यूथ क्लाइंबिंग चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया। उन्होंने 7.60 सेकंड का समय निकालकर स्पीड क्लाइंबिंग में भारतीय यूथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया और प्रतियोगिता में छठा स्थान हासिल किया।

इससे पहले क्वालीफिकेशन राउंड में अमायरा ने 7.74 सेकंड का समय लेकर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (पर्सनल बेस्ट) बेहतर किया था। इसके बाद फाइनल में उन्होंने 7.60 सेकंड का समय निकालकर उसी रिकॉर्ड को फिर से तोड़ दिया। एक ही विश्व चैंपियनशिप के दौरान दो बार अपना पर्सनल बेस्ट सुधारना उनकी निरंतर प्रगति और शानदार प्रतिभा का प्रमाण है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अपनी ऐतिहासिक उपलब्धि पर अमायरा खोसला ने खुशी जताते हुए कहा, “वर्ल्ड यूथ क्लाइंबिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरी जिंदगी के सबसे गर्व वाले पलों में से एक रहा है। नया भारतीय यूथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाना और दुनिया में छठा स्थान हासिल करना किसी सपने के सच होने जैसा है। इस विश्व चैंपियनशिप के दौरान दो बार अपना पर्सनल बेस्ट सुधारने से मुझे यह विश्वास मिला है कि मैं दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ बराबरी से मुकाबला कर सकती हूं।” मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अमायरा ने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा देगी तथा उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए और बड़ी सफलताएं हासिल करना है।

दुनिया के सबसे अच्छे यंग स्पीड क्लाइंबर्स के खिलाफ मुकाबला करते हुए, उनका परफॉर्मेंस वर्ल्ड यूथ चैंपियनशिप में किसी भारतीय का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन है और वैश्विक मंच पर इंडियन स्पोर्ट क्लाइंबिंग के लिए एक और उपलब्धि है। वर्ल्ड यूथ क्लाइंबिंग चैंपियनशिप में इंडियन टीम का प्रतिनिधित्व अमायरा, श्लोक दादूकर, नील वार्के और रुद्र करंदीकर ने किया।

भारत के अन्य खिलाड़ियों में दादूकर ने 6.76 सेकंड की टाइमिंग के साथ 27वां स्थान हासिल किया। वहीं वार्के ने 7.33 सेकंड का समय निकालते हुए 35वें स्थान पर अपनी चुनौती समाप्त की, जबकि करंदीकर ने 8.47 सेकंड की टाइमिंग के साथ 44वां स्थान प्राप्त किया। कोच अल्बर्ट ओके ने अमायरा के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा, “अमायरा ने कुछ ही सप्ताह में असाधारण प्रगति की है। महज 15 साल की उम्र में जिस तेजी से उसने अपने प्रदर्शन में सुधार किया और विश्व मंच पर खुद को साबित किया, वह उसकी प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण का प्रमाण है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वह भारतीय स्पीड क्लाइंबिंग की अगली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बन सकती है और इस खेल में नए खिलाड़ियों के लिए राह तैयार कर सकती है।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अमायरा के निजी कोच अभिषेक मेहता ने कहा, “इटली के आर्को में वर्ल्ड यूथ क्लाइंबिंग चैंपियनशिप में अमायरा को भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए और 7.60 सेकंड का शानदार समय निकालते देखना बेहद गर्व का क्षण है। यह उपलब्धि केवल परिणाम नहीं, बल्कि वर्षों की कड़ी मेहनत, विश्वास और प्रतिबद्धता का प्रतिफल है।”

स्पीड क्लाइंबिंग के साथ-साथ अमायरा एथलेटिक्स में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। उन्होंने एसजीएफआई नेशनल स्कूल गेम्स 2024 में 100 मीटर दौड़ का रजत पदक जीता। जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में 60 मीटर दौड़ को 7.76 सेकंड में पूरा कर पांचवां स्थान हासिल किया, जबकि नेशनल स्कूल गेम्स 2025 में 100 मीटर में उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 12.57 सेकंड रहा। अमायरा लगातार 2024, 2025 और 2026 में 60 मीटर दौड़ की दिल्ली स्टेट चैंपियन भी रही हैं, जो उनकी बहुमुखी खेल प्रतिभा को दर्शाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here