नई दिल्ली : वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ ने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज से अपनी गैरमौजूदगी को लेकर मुख्य कोच डैरेन सैमी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जोसेफ ने सैमी की टिप्पणियों को “बिना संदर्भ के और अनावश्यक रूप से विवाद पैदा करने वाला” बताया। उनका आरोप है कि कोच के बयान से उनके फैसले को लेकर लोगों के बीच गलत धारणा बनाई गई, जबकि वास्तविक परिस्थितियों को सार्वजनिक रूप से सामने नहीं रखा गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार क्रिकेट वेस्टइंडीज ने टीम की घोषणा के समय बताया था कि अल्जारी जोसेफ निजी कारणों से पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं थे। हालांकि, बाद में मुख्य कोच डैरेन सैमी ने मीडिया से बातचीत में अलग तस्वीर पेश की। सैमी के अनुसार, चोट से उबरने के बाद जोसेफ को टीम में चुना गया था, लेकिन उन्होंने खुद चयन स्वीकार करने से इनकार कर दिया और सीरीज नहीं खेलने का फैसला लिया। दोनों बयानों में विरोधाभास सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
सैमी और बोर्ड दोनों से की खुलकर बातचीत
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जोसेफ का कहना है कि उन्होंने सीरीज छोड़ने के अपने फैसले के बारे में सैमी और बोर्ड दोनों से पहले ही बात कर ली थी। एंटीगुआ ऑब्जर्वर पर गुड मॉर्निंग जोजो स्पोर्ट्स शो में बोलते हुए, जोसेफ ने साफ किया कि सैमी को ठीक से पता था कि वह क्या कर रहे हैं जब उन्होंने ये बातें कहीं।
सैमी के दावों से असहमत दिखे जोसेफ
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जोसेफ ने कहा, ‘हमने बात की, मैंने और हेड कोच ने। मैंने क्रिकेट वेस्टइंडीज से भी बात की है और अगर आप ध्यान दें तो क्रिकेट वेस्टइंडीज ने जो बयान जारी किया था, उसमें पर्सनल वजहें बताई गई थीं। मिस्टर सैमी, जो लंबे समय से टीम के साथ हैं, उन्हें ठीक-ठीक पता है कि उस बयान से क्या होता। इसलिए सच कहूं तो, मुझे मिस्टर सैमी के बयान के बारे में उनसे कुछ नहीं कहना है। जैसा कि मैंने कहा, उन्हें ठीक-ठीक पता है कि उस बयान से क्या होता और पब्लिक में क्या नैरेटिव बनता।’
वर्कलोड प्रबंधन के चलते लिया ब्रेक
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जोसेफ ने बताया कि चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहने के बाद अपने वर्कलोड को मैनेज करना उनके फैसले के पीछे की असली वजह थी। दूसरे स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण वह भारत और न्यूजीलैंड के दौरे पर नहीं जा पाए थे, श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वापसी हुई। इस महीने की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ सभी पांच वनडे मैचों में खेले।
‘फिटनेस को प्राथमिकता देना जरूरी था’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जोसेफ ने कहा, “मैं लगभग एक साल तक क्रिकेट से बाहर रहा। दूसरे स्ट्रेस फ्रैक्चर के बाद मैंने लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ज्यादा क्रिकेट नहीं खेली। हमने दो टेस्ट मैच खेलने, लगातार पांच वनडे मुकाबलों और मेरे शरीर की मौजूदा स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। मुझे खुद महसूस हो रहा था कि मेरा शरीर एक और टेस्ट सीरीज खेलने के लिए तैयार नहीं है। ऐसे में मेरे फैसले को जिस तरह पेश किया गया, वह बिना संदर्भ के था और अनावश्यक विवाद पैदा करने वाला साबित हुआ।”
जोसेफ का बड़ा जवाब— ‘मैं डैरेन सैमी का प्रतिनिधित्व नहीं करता’
जब अल्जारी जोसेफ से पूछा गया कि क्या इस पूरे घटनाक्रम के बाद मुख्य कोच डैरेन सैमी के साथ उनके रिश्तों पर असर पड़ा है, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे वेस्टइंडीज टीम के प्रति उनकी प्रतिबद्धता में कोई कमी नहीं आएगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जोसेफ ने कहा, “मैं एक पेशेवर खिलाड़ी हूं और मैदान पर अपना काम करने जाता हूं। मैं वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व करता हूं, डैरेन सैमी का नहीं। इसलिए मैं व्यक्तिगत रिश्तों के बारे में नहीं सोचता। मैं वहां दोस्त बनाने नहीं जाता, बल्कि अपना काम करने, अपनी जिम्मेदारी निभाने और वेस्टइंडीज के लोगों का प्रतिनिधित्व करने के लिए जाता हूं।”


