नई दिल्ली : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय महिला मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। इसी कड़ी में साक्षी चौधरी ने 51 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में इंग्लैंड की रूबी व्हाइट को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। साक्षी ने पूरे मुकाबले के दौरान आक्रामक और संतुलित खेल दिखाया, जिससे उनकी प्रतिद्वंद्वी वापसी नहीं कर सकीं। इस जीत के साथ भारत ने महिला बॉक्सिंग में अपना तीसरा स्वर्ण पदक हासिल किया। फाइनल में हार के बाद रूबी व्हाइट भावुक हो गईं और रिंग में ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े, जबकि साक्षी की इस ऐतिहासिक जीत ने देश का गौरव बढ़ा दिया।
साक्षी-प्रिया की सुनहरी जीत
साक्षी चौधरी के बाद प्रिया घनघस ने भी 60 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल मुकाबले में दमदार प्रदर्शन किया और कनाडा की बॉक्सर मैरी-बथूल अल-अहमदियेह को मात देते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। ये बॉक्सिंग इवेंट में भारतीय महिला बॉक्सरों द्वारा जीता हुआ चौथा गोल्ड मेडल रहा जो एक ही दिन यानी शनिवार को भारत की झोली में आया। फाइनल मुकाबले में प्रिया ने अपनी विरोधी को 4-1 के अंतर से हराया। प्रिया और साक्षी के मेडल मुकाबले बैक-टू-बैक हुए थे और दोनों ने सोना जीतकर देश को दोहरी खुशी का मौका दिया।
अरुंधती चौधरी ने भी जीता स्वर्ण पदक
साक्षी और प्रिया के बाद भारतीय महिला बॉक्सर अरुंधती चौधरी का दम भी बॉक्सिंग रिंग में देखने को मिला और उन्होंने भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया। अरुंधती ने 70 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड की शैंटेल रीड को हराकर सोना जीतने में सफल रहीं। अरुंधती की शुरुआत धीमी रही थी, लेकिन बाद में उन्होंने शानदार वापसी की और विरोधी बॉक्सर को हार का सामना करना पड़ा। ये बॉक्सिंग में भारत का 5वां गोल्ड मेडल रहा। अरुंधती ने फाइनल मैच 5-0 के अंतर से जीता।


