CWG 2026: सचिन-अंकुश बने गोल्ड मेडलिस्ट, लवलीना के नाम रहा सिल्वर

0

नई दिल्ली : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की स्टार महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने 75 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की एम्मा-सू ग्रीनट्री का सामना किया। मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों मुक्केबाजों ने आक्रामक अंदाज अपनाया और एक-दूसरे पर लगातार तेज पंच लगाए। पहले राउंड में दोनों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन जजों के फैसले में लवलीना थोड़ा पीछे रहीं। दूसरे राउंड में उन्होंने अपेक्षाकृत रक्षात्मक रणनीति अपनाई, हालांकि अंतिम क्षणों में दमदार पंच लगाकर शानदार वापसी की और मुकाबले को बराबरी की टक्कर तक पहुंचा दिया। पूरे मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन कौशल और जुझारूपन का प्रदर्शन किया।

लवलीना का शानदार प्रदर्शन, रजत पदक से किया देश का नाम रोशन

तीसरे राउंड में लवलीना आक्रामक नजर आईं और विरोधी बॉक्सर थोड़ी थकी हुई दिखीं। लवलीना ने ऑस्ट्रेलिया की बॉक्सर को इस राउंड में पूरी तरह से छका दिया और उनका डिफेंस भी शानदार रहा। हालांकि तीसरे राउंड के आखिरी 30 सेकंड में ऑस्ट्रेलिया की बॉक्सर में जोरदार प्रहार करते हुए लवलीना को बैकफुट पर धकेल दिया और मैच को 4-1 से जीत लिया। लवलीना गोल्ड नहीं जीत पाईं और उन्हें सिल्वर से संतोष करना पड़ा।

बॉक्सिंग रिंग में सचिन सिवाच का जलवा, भारत को दिलाया स्वर्ण पदक

पुरुषों के 60 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल मुकाबले में भारत के सचिन सिवाच का सामना नामिबिया के ट्रायअगेन मॉर्निंग न्डेवेलो के साथ हुआ। पहले राउंड में सचिन ने ताबड़तोड़ प्रहार से बढ़त बनाई तो वहीं दूसरे राउंड में भी सचिन का आक्रमण जारी रहा, लेकिन उनके हर आक्रमण का जवाब नामिबिया के बॉक्सर के पास था और उन्होंने इस राउंड में बढ़त बना ली। तीसरे और फाइनल राउंड में सचिन के अटैक के समाने नामिबिया के बॉक्सर पूरी तरह से धराशाई हो गए और इस मुकाबले को सचिन ने जीत लिया।ये बॉक्सिंग में भारत का छठा गोल्ड मेडल रहा।

अंकुश पंघाल बने गोल्ड मेडलिस्ट
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष मुक्केबाज अंकुश पंघाल ने 80 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में इंग्लैंड के डिमेजी शिट्टू को 4-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मुकाबले के शुरुआती राउंड में इंग्लैंड के बॉक्सर ने अपनी लंबाई का फायदा उठाते हुए बढ़त बनाई, जिससे अंकुश कुछ हद तक दबाव में नजर आए। हालांकि दूसरे राउंड में भारतीय मुक्केबाज ने शानदार वापसी करते हुए आक्रामक खेल दिखाया और मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। तीसरे और निर्णायक राउंड में दोनों खिलाड़ियों के बीच जोरदार भिड़ंत देखने को मिली, जहां दोनों ने एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ पंच लगाए। अंत में अंकुश पंघाल ने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर 4-1 से मुकाबला जीतकर भारत को बॉक्सिंग में सातवां स्वर्ण पदक दिलाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here