नई दिल्ली : भारत के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में रजत पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा अब अपने अगले बड़े इम्तिहान के लिए तैयार हैं। भारतीय स्टार जैवलिन थ्रोअर 21 अगस्त को होने वाली डायमंड लीग के लॉजेन लेग में हिस्सा लेंगे। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उनके सामने पाकिस्तान, श्रीलंका समेत दुनिया के कई शीर्ष भाला फेंक खिलाड़ियों की कड़ी चुनौती होगी। CWG के बाद नीरज की नजर अब डायमंड लीग में दमदार प्रदर्शन कर अपनी लय बरकरार रखने पर होगी।
नीरज चोपड़ा के सामने इस प्रतियोगिता में प्रमुख विरोधी पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम, श्रीलंका के कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 चैंपियन रुमेश पथिरागे, मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन केशोर्न वॉलकॉट (त्रिनिदाद एवं टोबैगो), जर्मनी के थॉमस रोहलर और पूर्व विश्व चैंपियन व ओलंपिक चैंपियन एंडर्सन पीटर्स (ग्रेनाडा) के होंगे।
डायमंड लीग में एक बार फिर वही दिग्गज आमने-सामने होंगे, जिन्होंने हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के फाइनल में मुकाबला किया था। नीरज चोपड़ा, अरशद नदीम, रुमेश पथिरागे, एंडरसन पीटर्स और केशोर्न वॉलकॉट के बीच फिर से कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी। इनके अलावा टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता याकूब वाडलेच, जर्मनी के स्टार जूलियन वेबर और अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, जिससे यह मुकाबला और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।
श्रीलंका का उभरता स्टार बढ़ाएगा नीरज की मुश्किलें
भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा के सामने इस समय सबसे बड़ी चुनौती श्रीलंका के रुमेश पथिरागे से मानी जा रही है। पथिरागे मौजूदा सीजन में शानदार लय में हैं और उनके नाम इस वर्ष के शीर्ष पांच सर्वश्रेष्ठ थ्रो दर्ज हैं। इतना ही नहीं, वह इस सीजन 90 मीटर का आंकड़ा पार करने वाले इकलौते एथलीट भी हैं। रोम डायमंड लीग में उन्होंने 92.67 मीटर का शानदार थ्रो कर अपनी जबरदस्त फॉर्म का परिचय दिया था, जिससे वह लॉजेन डायमंड लीग में नीरज के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी बनकर उभर रहे हैं।
कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद नीरज चोपड़ा ने भी रुमेश पथिरागे की खुलकर सराहना की थी। उन्होंने कहा था, “वह बहुत अच्छे इंसान हैं और मेरे अच्छे दोस्त भी। इस साल उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। यह देखकर खुशी होती है कि वह श्रीलंका के लिए बेहतरीन नतीजे ला रहे हैं।” कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में नीरज ने 85.83 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ रजत पदक जीता था, जो इस सीजन का उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो भी रहा। ऐसे में एशियाई खेल 2026 से पहले होने वाला लॉजेन डायमंड लीग नीरज की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जापान में आयोजित होने वाले एशियाई खेलों में भी नीरज चोपड़ा, अरशद नदीम और रुमेश पथिरागे के बीच एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।


