नई दिल्ली : WWE के मेगा इवेंट समरस्लैम 2026 में ब्रॉक लैसनर और ओबा फेमी के बीच चल रही लंबे समय से चली आ रही राइवलरी का अंत हुआ। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुकाबले में हार के बावजूद ‘द बीस्ट’ ब्रॉक लैसनर ने फेमी के प्रति सम्मान दिखाते हुए उन्हें गले लगाया और उनका हाथ उठाकर उन्हें भविष्य का बड़ा WWE स्टार बताया। इसके बाद अगले दिन मंडे नाइट रॉ में ओबा फेमी का एक खास सेगमेंट देखने को मिला, जहां लैसनर के भविष्य और उनके संभावित रिटायरमेंट को लेकर बड़े संकेत सामने आए। इस घटनाक्रम के बाद WWE फैंस के बीच ब्रॉक लैसनर की रिंग से विदाई की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
दरअसल रॉ के एपिसोड में 3 अगस्त की रात फेमी ने अपने सेगमेंट में ब्रॉक लैसनर के बारे में बातचीत की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने समरस्लैम में ब्रॉक को हराने के बाद उनकी तारीफ करते हुए कहा कि यह टेस्ट था जो लैसनर ले रहे थे। पिछले कई हफ्तों से उन्होंने मेरी जिंदगी को मुश्किल बना दिया था। वह मेरा टेस्ट ले रहे थे कि उन्होंने सही इंसान चुना है या नहीं। मुझे एहसास हो गया कि यह एक टेस्ट था। अब द बीस्ट आराम कर सकते हैं।
इसके बाद WWE की ओर से ब्रॉक लैसनर के सम्मान में एक ट्रिब्यूट वीडियो भी प्रसारित किया गया। इस एपिसोड के तुरंत बाद लैसनर का नाम WWE एल्यूमिनी लिस्ट में शामिल कर दिया गया। इस सूची में उन रेसलर्स को जगह दी जाती है, जो कभी कंपनी का हिस्सा रहे हैं और जिनका WWE करियर यादगार रहा है। इस कदम के बाद यह संकेत मिल रहे हैं कि ब्रॉक लैसनर अब शायद दोबारा WWE रिंग में नजर नहीं आएंगे और उन्हें मेन रोस्टर से हटा दिया गया है। हालांकि, कंपनी की ओर से उनके आधिकारिक संन्यास को लेकर अभी कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की गई है।
रोमन रेंस ने ब्रॉक लैसनर के लिए लिखा भावुक संदेश
ब्रॉक लैसनर के रिटायरमेंट की चर्चाओं को उस समय और मजबूती मिली, जब रोमन रेंस ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक वीडियो साझा किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस वीडियो में उन्होंने लैसनर के साथ अपने लंबे सफर और उनके करियर में मिले योगदान को याद करते हुए उनका आभार जताया। रोमन ने ब्रॉक लैसनर को सम्मान देते हुए उनके लिए खास संदेश लिखा। वहीं पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लैसनर को टैग करते हुए सिर्फ इतना लिखा— “थैंक्यू ब्रॉक लैसनर।” उनकी इस पोस्ट के बाद WWE फैंस के बीच लैसनर की विदाई को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
लैसनर की विदाई पर पॉल हेमन का इमोशनल वीडियो वायरल
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ब्रॉक लैसनर के रिटायरमेंट की अटकलों के बीच पॉल हेमन का एक वीडियो भी सामने आया, जिसने इन चर्चाओं को और हवा दे दी है। वीडियो में हेमन टीवी पर वह भावुक पल देखते नजर आए, जब लैसनर ने रिंग में अपने सभी गीयर छोड़कर वहां से विदाई ली थी। यह घटना रेसलमेनिया के बाद की बताई जा रही है, जब ओबा फेमी से हारने के बाद लैसनर ने अपने गीयर रिंग में छोड़ दिए थे। उस दौरान ‘द बीस्ट’ भावुक हो गए थे और पॉल हेमन के गले लगकर रोते हुए नजर आए थे। अब हेमन का इस खास पल को दोबारा देखना और फिर ओबा फेमी का उनके पास आकर ब्रॉक को धन्यवाद देने का संदेश देना, लैसनर के WWE करियर के अंत की ओर इशारा माना जा रहा है।
रिंग के ‘द बीस्ट’ ब्रॉक लैसनर का करियर रहा बेमिसाल
49 वर्षीय ब्रॉक लैसनर सबसे पहली बार 2000 में कंपनी का हिस्सा बने थे। उन्होंने 2004 तक अपना पहला कार्यकाल पूरा किया। फिर वह फुटबॉल टीम से जुड़ गए। 2005 में उन्होंने रेसलिंग शुरू की और अलग कंपनियों के साथ नजर आए। इस दौरान एमएमए में उन्होंने हाथ आजमाया और बाद में UFC का हिस्सा बनें। फिर 2012 में दोबारा उनकी WWE में वापसी हुई। 2020 तक वह कंपनी के साथ रहे और कोविड के दौरान कॉन्ट्रैक्ट खत्म किया।
साल 2021 में ब्रॉक लैसनर की WWE में वापसी ने फैंस को काफी चौंका दिया था और इसके बाद से वह लगातार कंपनी के साथ जुड़े रहे। ब्रॉक एडवर्ड लैसनर ने अपने करियर में WWE रेसलर के अलावा अमेरिकन फुटबॉलर और एमएमए फाइटर के रूप में भी पहचान बनाई। अब उनका यह शानदार सफर WWE के साथ खत्म होता नजर आ रहा है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक उनके रिटायरमेंट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन मौजूदा संकेत काफी कुछ बयां कर रहे हैं। WWE एल्यूमिनी लिस्ट में शामिल किया जाना इस बात का इशारा माना जा रहा है कि लैसनर शायद अब दोबारा टीवी शो या WWE रिंग में नजर नहीं आएंगे। अब सभी की नजरें उनके आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं।


