रोहित शर्मा को लेकर पूर्व क्रिकेटर का बड़ा बयान, बोले- अब खुद फैसला लेने का वक्त नहीं

0

नई दिल्ली : इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर रोहित शर्मा ने शानदार शतक जड़कर अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया था। उनकी यह पारी ऐसे समय आई, जब मैच से ठीक एक दिन पहले उनके अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं और कई रिपोर्ट्स में इसे उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच तक बताया जाने लगा था। शतक के बाद कई पूर्व क्रिकेटरों ने रोहित के समर्थन में खुलकर बयान दिए, लेकिन उनके भविष्य को लेकर चर्चा अब भी थमी नहीं है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसी कड़ी में अब पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने भी रोहित शर्मा को लेकर अपनी बेबाक राय रखी है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर खुलकर अपनी राय रखी। कैफ ने कहा कि रोहित का रुख बिल्कुल साफ है—”अगर मैं अच्छा नहीं खेल रहा हूं तो मुझे टीम से बाहर कर दो, लेकिन मैं खुद से नहीं जाऊंगा।” उन्होंने याद दिलाया कि रोहित पहले ही अपने करियर में दो बड़े फैसले स्वयं ले चुके हैं। 2024 टी20 विश्व कप के बाद उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा और बाद में टेस्ट क्रिकेट में खराब फॉर्म के चलते टेस्ट से भी संन्यास लिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कैफ का मानना है कि अब रोहित अपने भविष्य को लेकर खुद फैसला नहीं करेंगे, बल्कि यह जिम्मेदारी चयनकर्ताओं की होगी कि उनके प्रदर्शन के आधार पर आगे का निर्णय लें।

रोहित शर्मा को लेकर कैफ ने तोड़ी चुप्पी

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मोहम्मद कैफ ने अपने वीडियो में सबसे पहले कहा,”हां, एक चीज अब साफ हो चुकी है कि रोहित शर्मा ने मन बना लिया है कि, अगर मैं अच्छा नहीं खेल रहा, आप खुद से फिर कॉल लें और मुझे बाहर कर दो। इसमें मुद्दा यह है कि रोहित शर्मा खुद से नहीं हटेंगे और रिटायरमेंट नहीं अनाउंस करेंगे। बल्कि वह जो जुनून और आत्म समपर्ण दिखा रहे हैं इससे साफ है कि वह अपना काम कर रहे हैं। आगे सेलेक्टर्स का जो मन हो वह वैसा करें।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कैफ ने आगे टीम मैनेजमेंट में स्पष्टता की कमी बताई और काफी कंफ्यूजन की बात कहते हुए कहा,”जब कोचिंग स्टाफ के सदस्य ने यह आकर कहा कि हमने रोहित शर्मा को पूरी स्वतंत्रता के साथ उनका स्वाभाविक खेल से खेलने को कहा। लेकिन किसी ने यह नहीं साफ किया कि रोहित 2027 वर्ल्ड कप के प्लान का हिस्सा हैं या नहीं। यह बयान भी आना चाहिए ना। क्योंकि रोहित का फॉर्म भी ऊपर-नीचे होगा। ऐसा कोई बयान नहीं आया,इसलिए मुझे लगता है कि काफी कंफ्यूजन है और काफी संदेह हैं। हम बाहर बैठे हैं हमें अंदर की बातें एकदम सटीक तौर पर नहीं पता हैं, लेकिन मुझे यह लग रहा है कि रोहित शर्मा ने मन बना लिया है कि खुद से वह नहीं जाएंगे।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कैफ ने आगे कहा,”दो बार उन्होंने (रोहित ने) खुद से फैसला लिया। 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद उन्होंने टी20 फॉर्मेट से रिटायरमेंट लिया और नई जनरेशन को मौका देने की बात कही। फिर ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज में खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने खुद को बाहर किया। भारत आकर उन्होंने खुद रिटायरमेंट भी लिया। वह फैसले उन्होंने खुद लिए थे। अब इस समय रोहित शर्मा ने मुझे लगता है कि कह दिया है, आप मुझे बाहर करो, मेरे लिए यह मुश्किल होगा लेकिन कोई नहीं, आप फैसला करो। यही स्थिति इस समय है, मुझे जैसा लग रहा।”

फिलहाल रोहित शर्मा भारतीय टीम का हिस्सा बने हुए हैं और उनके भविष्य को लेकर किसी तरह का आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है। भारतीय टीम सितंबर के अंत में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेगी, जिसमें रोहित की भूमिका अहम मानी जा रही है। लॉर्ड्स में खेली गई उनकी शानदार शतकीय पारी के बाद उन्हें टीम से बाहर करना चयनकर्ताओं के लिए आसान नहीं होगा। इस बीच बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया भी स्पष्ट कर चुके हैं कि रोहित शर्मा के आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर कोई फैसला नहीं हुआ है। उनके इस बयान के बाद चयनकर्ताओं की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह भी दावा किया जा रहा है कि चयन समिति और टीम प्रबंधन से जुड़े कुछ लोगों पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here