इंग्लैंड क्रिकेट को एक और झटका, लायंस के कोच एंड्रयू फ्लिंटॉफ का इस्तीफा

0

नई दिल्ली : इंग्लैंड क्रिकेट में इस्तीफों का दौर जारी है। टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स के संन्यास और कोच ब्रेंडन मैकुलम के बाद अब एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने भी इंग्लैंड लायंस के हेड कोच पद से इस्तीफा दे दिया है। लगभग दो साल तक लायंस की जिम्मेदारी संभालने वाले इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर अब इस साल के अंत में अपने कोचिंग करियर का नया अध्याय शुरू करेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सितंबर 2024 में लायंस के कोच नियुक्त किए गए फ्लिंटॉफ ने कहा कि उन्होंने इंग्लैंड की अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों और कोचों को तैयार करने में योगदान देने के बाद पद छोड़ने का फैसला किया है।

फ्लिंटॉफ ने अपने पद से हटने के फैसले पर कहा कि उन्हें इंग्लैंड लायंस के साथ काम करने का अनुभव बेहद शानदार रहा। उन्होंने देश के बेहतरीन युवा क्रिकेटरों के साथ काम करने और उनके विकास को करीब से देखने पर खुशी और गर्व जताया। फ्लिंटॉफ ने कोचिंग स्टाफ और टीम के सहयोगियों को उनके जुनून, लगातार मेहनत और हर दिन दिए गए समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने खास तौर पर एड बार्नी के साथ काम करने को यादगार बताया। साथ ही, उन्होंने रॉब की का भी आभार जताया, जिन्होंने इंग्लिश क्रिकेट की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक के लिए उन पर भरोसा जताया था।

एड बार्नी ने फ्लिंटॉफ के इस्तीफे पर क्या कहा?

ईसीबी के मेन्स परफॉर्मेंस डायरेक्टर एड बार्नी ने फ्लिंटॉफ को अपने कार्यकाल में लायंस को नया रूप देने का क्रेडिट दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बार्नी ने कहा,’फ्रेड ने लायंस के माहौल को एक ऐसे प्रोग्राम में बदलने में मदद की है जिसका युवा खिलाड़ियों पर बड़ा असर पड़ा है। ऐसा माहौल बनाया जो हर समय बेहतरीन काम को सपोर्ट और बढ़ावा देता है। उन्होंने युवा खिलाड़ियों की एक नई पीढ़ी को आगे लाने में मदद की है।’

फ्लिंटॉफ बने बिग बैश लीग में सिडनी थंडर के नए कोच

फ्लिंटॉफ ने इंग्लैंड लायंस के कोच पद से हटने का फैसला बिग बैश लीग (बीबीएल) में सिडनी थंडर का हेड कोच नियुक्त किए जाने के करीब दो महीने बाद लिया है। ऑस्ट्रेलिया की टी20 लीग में यह उनकी पहली पूर्णकालिक कोचिंग भूमिका होगी। इस बीच, ईसीबी ने पुष्टि की है कि माइक यार्डी 12 अगस्त से बेकेनहम में शुरू होने वाले प्रोफेशनल काउंटी क्लब सिलेक्ट इलेवन और पाकिस्तान पुरुष टीम के बीच चार दिवसीय मुकाबले में इंग्लैंड लायंस के कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here