पंत की पोस्ट पर CM पुष्कर धामी का जवाब, अधिकारियों को दिए मदद के निर्देश

0

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत अपने गृह राज्य उत्तराखंड में जमीन की तलाश कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसी सिलसिले में उन्होंने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की अपील की थी। अब पंत की पोस्ट पर मुख्यमंत्री धामी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऋषभ पंत की मदद करने और उनकी जरूरत के मुताबिक जमीन तलाशने में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर ऋषभ पंत की पोस्ट का जवाब देते हुए उनकी जमकर सराहना की। उन्होंने पंत को उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि उनके शानदार खेल और उपलब्धियों ने देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। धामी ने अपनी मातृभूमि के प्रति पंत के प्रेम और उत्तराखंड लौटकर योगदान देने की इच्छा को भी सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि पंत द्वारा उठाए गए मामले के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं और वे जल्द ही उनसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।

दिल्ली छोड़ उत्तराखंड शिफ्ट होना चाहते हैं ऋषभ पंत

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इससे पहले ऋषभ पंत ने एक्स पर पोस्ट करके कहा था कि वह दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होना चाहते हैं। इसके लिए वह 3 साल से जमीन ढूढ़ रहे हैं, लेकिन उन्हें अपनी जरूरतों को पूरा करने वाली प्रॉपर्टी नहीं मिल पाई है। पंत ने कहा कि वह सरकारी रेट पर जमीन खरीदना चाहते हैं।

करियर बनाने के लिए उत्तराखंड से दिल्ली गए थे पंत

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में जन्मे ऋषभ पंत ने क्रिकेट में करियर बनाने के लिए दिल्ली का रुख किया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर भारतीय क्रिकेट में खास पहचान बनाई और घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हैं। फिलहाल पंत भारतीय टीम के साथ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका दौरे पर हैं। इस महत्वपूर्ण सीरीज में भारतीय टीम को पंत से बल्ले और विकेटकीपिंग, दोनों में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here