श्रीलंका में नहीं चला यशस्वी का बल्ला, दूसरी ही गेंद पर लौटे पवेलियन

0

नई दिल्ली : भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल के लिए श्रीलंका दौरे की शुरुआत निराशाजनक रही। श्रीलंका XI के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच के दूसरे दिन, शनिवार (8 अगस्त) को जायसवाल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। श्रीलंका के तेज गेंदबाज विश्वा फर्नांडो ने भारतीय पारी की दूसरी ही गेंद पर उन्हें अपना शिकार बनाया। जायसवाल के बल्ले का किनारा लेकर गेंद बैकवर्ड पॉइंट की दिशा में गई, जहां दिलुम सुदीरा ने शानदार कैच पकड़कर उनकी पारी का अंत कर दिया।

विश्वा फर्नांडो ने ऑफ स्टंप से बल्लेबाज से दूर गेंद की। बाहर निकलती गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने तेज बल्ला चलाया। वह बैकवर्ड पॉइंट पर कैच हो बैठे। यशस्वी इस तरह से आउट फेंककर काफी निराश होंगे। उनके पास लंबी बल्लेबाजी करके परिस्थितियों से सामंजस्य बैठाने का अच्छा मौका था। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2026-27 के लिए महत्वपूर्ण सीरीज में भारतीय टीम के लिए यशस्वी जायसवाल काफी महत्वपूर्ण होंगे।

2025 में यशस्वी जायसवाल ने बल्ले से किया कैसा प्रदर्शन?

यशस्वी जायसवाल पर केएल राहुल के साथ मिलकर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में भी जायसवाल का बल्ला नहीं चला था। वह 24 रन बनाकर आउट हो गए। 2025 में उन्होने अच्छा प्रदर्शन किया था। 10 मैच की 19 पारियों में 3 शतक और 3 अर्धशतक की मदद से 745 रन बनाए थे।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ नहीं चला यशस्वी का बल्ला

यशस्वी जायसवाल का पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी बल्ला खामोश रहा था। भारतीय टीम को उस दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था। यशस्वी ने सीरीज की चार पारियों में केवल एक अर्धशतक लगाया था। गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 58 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में 13 रन ही बना सके। इससे पहले ईडन गार्डन्स में खेले गए पहले टेस्ट की पहली पारी में यशस्वी ने 12 रन बनाए थे और दूसरी पारी में खाता नहीं खोल सके थे। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका सीरीज से पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने शानदार 175 रन की पारी खेली थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here