खिताब जीतने उतरेगी लखनऊ फाल्कन्स, भुवनेश्वर बोले- युवाओं के लिए बड़ा मौका

0

नई दिल्ली : यूपी टी20 लीग का नया सीजन 14 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट के मुकाबले लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम और कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेले जाएंगे। लीग के आगाज से पहले भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और युवा खिलाड़ी आराध्य यादव ने टूर्नामेंट के महत्व, युवा प्रतिभाओं को मिलने वाले अवसरों और अपनी टीम लखनऊ फाल्कन्स की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। दोनों खिलाड़ियों ने लीग को युवा क्रिकेटरों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने और उच्च स्तर के क्रिकेट का अनुभव हासिल करने का महत्वपूर्ण मंच बताया।

यूपी टी20 लीग युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच

लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने यूपी टी20 लीग को युवा प्रतिभाओं के लिए एक बड़ा प्लेटफॉर्म बताया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भुवनेश्वर कुमार ने कहा, ‘‘यूपी टी20 लीग युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद शानदार अवसर है। लीग में कई इंटरनेशनल खिलाड़ी खेल रहे हैं। युवा खिलाड़ियों को उनके साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने का मौका मिलता है’’ भुवनेश्वर कुमार ने कहा, ‘‘खिलाड़ी अपनी योग्यता और प्रदर्शन के दम पर आगे बढ़ सकते हैं। आने वाले समय में आपको इसी लीग से निकले कई खिलाड़ी आईपीएल और भारतीय राष्ट्रीय टीम में खेलते हुए दिखाई देंगे।’’ भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि दो वेन्यू पर मैच होने से क्रिकेट फैंस का जुड़ाव बढ़ेगा। यह लीग भविष्य में देश को कई स्टार क्रिकेटर देगी।

खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी लखनऊ फाल्कन्स

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लखनऊ फाल्कन्स की तैयारियों और रणनीति पर भुवनेश्वर कुमार ने कहा, ‘‘टीम इस बार पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतर रही है।’’ भुवनेश्वर कुमार ने स्वीकार किया कि पिछले सीजन में टीम का प्रदर्शन लीग स्टेज में अच्छा रहा था, लेकिन फाइनल तक पहुंचकर टीम चूक गई थी। भुवनेश्वर कुमार ने कहा, ‘‘इस बार टीम में कई अहम बदलाव किए गए हैं और एक मजबूत संयोजन तैयार किया गया है।’’ भुवनेश्वर कुमार ने विश्वास जताते हुए कहा, ‘‘टीम इस बार खास रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी और लखनऊ फाल्कन्स ट्रॉफी अपने नाम करने में सफल रहेगी।’’

सीनियर खिलाड़ियों के अनुभव से सीखना चाहते हैं आराध्य यादव

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार युवा क्रिकेटर आराध्य यादव ने यूपी टी20 लीग को अपने करियर के लिए बेहद महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों के लिए यह लीग अपनी प्रतिभा साबित करने और अनुभव हासिल करने का बेहतरीन अवसर है। आराध्य ने कहा कि भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने से उन्हें खेल के साथ-साथ मानसिक मजबूती और पेशेवर क्रिकेट की बारीकियां सीखने का मौका मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सत्र युवा खिलाड़ियों के लिए काफी अहम साबित होगा और उन्हें अपने खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here