विश्व कप 2027 में अफगानिस्तान की एंट्री, दो बार की पूर्व चैंपियन टीम को फिर झटका

0

नई दिल्ली : वनडे विश्व कप का आगाज 1975 में हुआ था और इसके शुरुआती दो संस्करणों 1975 तथा 1979 में वेस्टइंडीज ने खिताब अपने नाम किया था। हालांकि, पिछले एक दशक में कैरेबियाई टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता गया है। वेस्टइंडीज लगातार तीसरी बार वनडे विश्व कप के लिए सीधे क्वालिफाई करने में नाकाम रही है। मौजूदा वनडे रैंकिंग में 10वें स्थान पर मौजूद वेस्टइंडीज 2027 विश्व कप के सीधे क्वालिफिकेशन की दौड़ में पिछड़ गई। वहीं, अफगानिस्तान ने शानदार प्रदर्शन के दम पर विश्व कप 2027 के लिए सीधे क्वालिफाई कर लिया है। यह उपलब्धि अफगानिस्तान क्रिकेट के बढ़ते कद को दर्शाती है, जबकि वेस्टइंडीज के लिए यह लगातार तीसरा बड़ा झटका है।

अफगानिस्तान की टीम ने आयरलैंड के खिलाफ जारी वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 92 रनों से शुक्रवार को जीता था। इस जीत से अफगान टीम को फायदा मिला और अब वह वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए सीधे क्वालिफाई कर चुकी है। वहीं वेस्टइंडीज टीम को अब क्वालिफायर्स खेलने होंगे और टिकट हासिल करने के लिए अन्य एसोसिएट नेशन की टीमों के साथ भिड़ना होगा। गौरतलब है कि वनडे टीमों की रैंकिंग में टॉप 8 टीमें सीधे विश्व कप के लिए क्वालिफाई करती हैं। वहीं मेजबान देश की टीमों को सीधे एंट्री मिलती है।

वनडे विश्व कप 2027 की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे। मौजूदा वनडे रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका शीर्ष आठ में शामिल तीनों मेजबान देशों में अकेला है, इसलिए मेजबानी के कारण क्वालिफिकेशन समीकरण में बदलाव की संभावना है। ऐसे में नौवें स्थान पर मौजूद बांग्लादेश को भी सीधे विश्व कप में जगह बनाने का मौका मिल सकता है। वहीं जिम्बाब्वे 11वें स्थान पर है, जबकि 10वें स्थान की टीम भी सीधे क्वालिफिकेशन की दौड़ में चुनौती का सामना करेगी। इन टीमों को विश्व कप में जगह पक्की करने के लिए क्वालिफायर मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करना होगा।

भारत को हराने के बावजूद वेस्टइंडीज की विश्व कप एंट्री मुश्किल

अगर आयरलैंड की टीम अफगानिस्तान के खिलाफ 5-0 या 4-1 से वनडे सीरीज जीत जाती और फिर वेस्टइंडीज आगामी सीरीज में भारत को 2-0 से हराती, इस स्थिति में ही विंडीज को वर्ल्ड कप का टिकट मिल सकता था। मगर अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया और फिर दूसरा मुकाबला अफगानिस्तान ने अपने नाम कर लिया। अब वेस्टइंडीज अगर भारत को 2-0 से हराती भी है, फिर भी नहीं क्वालिफाई कर पाएगी।

इससे पहले 2019 वनडे विश्व कप के लिए भी वेस्टइंडीज की टीम सीधे क्वालिफाई नहीं कर पाई थी। हालांकि, उस समय कैरेबियाई टीम ने क्वालिफायर मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और विश्व कप का टिकट हासिल कर लिया था। इसके बाद 2023 विश्व कप के लिए भी वेस्टइंडीज को सीधे क्वालिफिकेशन नहीं मिला और क्वालिफायर टूर्नामेंट में टीम का अभियान निराशाजनक रहा। अब लगातार तीसरी बार कैरेबियाई टीम सीधे विश्व कप में जगह बनाने से चूक गई है। ऐसे में 2027 विश्व कप के लिए क्वालिफायर मुकाबले वेस्टइंडीज के लिए बेहद अहम होंगे और देखना होगा कि टीम इस बार वापसी कर विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर पाती है या नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here