शुभमन गिल की फिटनेस को लेकर राहत, गॉल में चार स्पिनरों की रणनीति संभव

0

नई दिल्ली : भारतीय टीम ने 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले अपना एकमात्र अभ्यास मैच खेल लिया है। तीन दिवसीय अभ्यास मैच में भारत ने शानदार जीत दर्ज की, जिसमें आखिरी ओवर में मोहम्मद सिराज के लगातार तीन छक्कों ने टीम को रोमांचक जीत दिलाई। हालांकि, मुकाबले में भारतीय गेंदबाजी अपेक्षा के अनुरूप प्रभावी नहीं रही। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाले पहले टेस्ट में भारतीय टीम चार स्पिन गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरेगी या नहीं। इसके अलावा कप्तान शुभमन गिल की फिटनेस को लेकर भी टीम प्रबंधन की नजरें बनी हुई हैं।

दरअसल भारतीय टीम के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने पहली पारी में 18 ओवर फेंके थे और 4 से ऊपर की इकॉनमी से 76 रन देकर दो विकेट झकटे थे। फिर दूसरी पारी में उन्होंने गेंदबाजी नहीं की। वहीं पहली बार टीम इंडिया में चुने गए सारांश जैन ने भी खासा प्रभावित नहीं किया। उन्होंने पहली पारी में 11 ओवर में 54 रन और दूसरी पारी में 4 ओवर में 16 रन खर्च किए। उन्हें एक भी विकेट नहीं मिल पाया। यही कारण है कि स्पिन कॉम्बिनेशन थोड़ा चर्चा का विषय बना। इसको लेकर टीम इंडिया के स्पिन बॉलिंग कोच साईराज बहुतुले ने जवाब दिया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय स्पिन कोच ने कहा, ”मुझे लगता है कि यह कॉल (कितने स्पिनर खेलेंगे) गॉल पहुंचने पर ही लिया जा सकता है, लेकिन सभी चार स्पिनर्स में कुछ ना कुछ अलग है, यह साफ है। हमारे पास जड्डू (रविंद्र जडेजा) का अनुभव है। मानव सुतार के पास बेहतर स्थिरता है। सारांश के पास भी बहुत अनुभव है, उन्होंने घरेलू क्रिकेट में लगातार परफॉर्म किया है। इसलिए उन्हें मौका मिला है और अगर हमें जरूरत पड़ी तो यही अनुभव काम आएगा। साथ ही कुलदीप यादव कलाई के गेंदबाज हैं और एक ऐसे गेंदबाज का टीम में होना हमेशा वैराइटी देता है।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बहुतुले ने कहा कि टीम के सभी चारों स्पिन गेंदबाज टेस्ट मैच के लिए पूरी तरह तैयार हैं और अंतिम फैसला गॉल पहुंचने के बाद परिस्थितियों को देखते हुए लिया जाएगा। उन्होंने अभ्यास मैच की दूसरी पारी में कुलदीप यादव के गेंदबाजी नहीं करने को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। बहुतुले के मुताबिक, कुलदीप ने मुकाबले में करीब 20 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 18 ओवर मैच के दौरान और 2-3 ओवर मुकाबले से पहले अभ्यास सत्र में शामिल थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि कुलदीप की तैयारी शानदार रही और दूसरी पारी में उन्हें आराम देने का फैसला किया गया, ताकि उनका शरीर तरोताजा रहे। इससे टीम के अन्य गेंदबाजों को भी अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिला। बहुतुले ने कहा कि कुल मिलाकर अभ्यास अच्छा रहा और गेंदबाजों ने पिच की परिस्थितियों को भी अच्छी तरह समझ लिया।

गिल की चोट को लेकर दूर किया सस्पेंस

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शुभमन गिल की इंजरी और पहले दो दिन उनके मैदान से दूर रहने पर स्पिन कोच ने कहा,”यह सिर्फ एक एहतियात बरतने वाला फैसला था ओर कुछ नहीं। वह अपनी ट्रेनिंग कर रहे हैं और वह एकदम ठीक हैं। मैनेजमेंट ने उन्होंने पहले दिन एहतियातन तौर पर मैदान पर नहीं उतारा था। मुझे लगता है कि उन्होंने दूसरी पारी में जितनी बल्लेबाजी की वह बेहतरीन थी जिसमें गलतियों की गुंजाइश भी कम थी। वह टेस्ट मैच खेलने के लिए तैयार हैं।” शुभमन ने तीसरे दिन दूसरी पारी में 54 गेंद पर 44 रन की पारी खेली थी और नाबाद रहे थे।

निचले क्रम में मानव सुतार और सारांश की बल्लेबाजी ने भी टीम प्रबंधन का ध्यान खींचा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस पर बहुतुले ने कहा कि निचले क्रम के गेंदबाजों से बल्लेबाजी में योगदान लेना टीम की प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि टेस्ट क्रिकेट में निचले क्रम के खिलाड़ियों का उपयोगी रन बनाना टीम के लिए काफी अहम होता है, इसलिए गेंदबाजों को भी नेट्स में अधिक से अधिक बल्लेबाजी करने के लिए प्रेरित किया जाता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि अभ्यास में की गई मेहनत का परिणाम अब मैदान पर दिखाई दे रहा है। इसी का उदाहरण मोहम्मद सिराज की शानदार बल्लेबाजी रही, जिन्होंने अभ्यास मैच के आखिरी चरण में लगातार तीन छक्के लगाकर भारत को रोमांचक जीत दिला दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here