नई दिल्ली : रोहित शर्मा ने पिछले साल टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया, लेकिन इस प्रारूप में उनके शानदार रिकॉर्ड आज भी कायम हैं। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी उनका नाम प्रमुखता से शामिल है। हालांकि, इस मामले में इंग्लैंड के बेन स्टोक्स शीर्ष पर हैं, लेकिन उनके बाद शीर्ष पांच में भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिलता है। ऋषभ पंत इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं, जबकि रोहित शर्मा भी सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं। यह आंकड़ा टेस्ट क्रिकेट में भारतीय बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी की झलक पेश करता है।
वहीं रोहित शर्मा की बात करें तो वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 2019 से 2025 तक 69 पारियों में 56 छक्के लगाकर तीसरे स्थान पर मौजूद हैं। भारत के मौजूदा स्टार ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं। यह चौंकाने वाले आंकड़े इसलिए भी हैं क्योंकि कप्तान शुभमन गिल भी आतिशी ओपनर यशस्वी से ऊपर इस लिस्ट में मौजूद हैं।
यशस्वी जायसवाल के नाम अब तक विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 45 छक्के दर्ज हैं, जबकि शुभमन गिल 46 छक्कों के साथ उनसे आगे हैं। शीर्ष 10 बल्लेबाजों की सूची में भारत के पांच खिलाड़ी शामिल हैं, जो टेस्ट क्रिकेट में भारतीय बल्लेबाजों की आक्रामक शैली को दर्शाता है। भारत के अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा इस सूची में सातवें स्थान पर हैं। जडेजा ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में अब तक 73 पारियों में 42 छक्के लगाए हैं। ऐसे में गिल, जायसवाल और जडेजा के बीच श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में छक्कों की संख्या बढ़ाने और एक-दूसरे से आगे निकलने की दिलचस्प होड़ देखने को मिल सकती है।
WTC इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के शीर्ष 10 बल्लेबाज
| खिलाड़ी | मैच | पारी | नाबाद | रन | सर्वोच्च स्कोर | औसत | गेंदें | स्ट्राइक रेट | 100s | 50s | 0 | 4s | 6s |
|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
| बेन स्टोक्स (इंग्लैंड) | 64 | 117 | 7 | 3857 | 176 | 35.06 | 6550 | 58.88 | 8 | 19 | 6 | 395 | 88 |
| ऋषभ पंत (भारत) | 40 | 71 | 4 | 2780 | 146 | 41.49 | 3739 | 74.35 | 6 | 16 | 2 | 302 | 77 |
| रोहित शर्मा (भारत) | 40 | 69 | 3 | 2716 | 212 | 41.15 | 4657 | 58.32 | 9 | 8 | 2 | 322 | 56 |
| शुभमन गिल (भारत) | 40 | 73 | 7 | 2843 | 269 | 43.07 | 4623 | 61.49 | 10 | 8 | 5 | 318 | 46 |
| यशस्वी जायसवाल (भारत) | 28 | 53 | 2 | 2511 | 214* | 49.23 | 3803 | 66.02 | 7 | 13 | 6 | 312 | 45 |
| हैरी ब्रूक (इंग्लैंड) | 34 | 60 | 1 | 2999 | 317 | 50.83 | 3555 | 84.36 | 9 | 15 | 4 | 316 | 44 |
| रवींद्र जडेजा (भारत) | 48 | 73 | 12 | 2610 | 175* | 42.78 | 5090 | 51.27 | 5 | 18 | 4 | 249 | 42 |
| ट्रैविस हेड (ऑस्ट्रेलिया) | 57 | 97 | 5 | 3929 | 175 | 42.70 | 5277 | 74.45 | 11 | 15 | 6 | 486 | 40 |
| डेरिल मिचेल (न्यूजीलैंड) | 32 | 54 | 5 | 2127 | 190 | 43.40 | 4036 | 52.70 | 6 | 12 | 1 | 210 | 38 |
| जॉनी बेयरस्टो (इंग्लैंड) | 35 | 67 | 6 | 2236 | 162 | 36.65 | 3377 | 66.21 | 6 | 6 | 7 | 272 | 32 |


