नई दिल्ली : श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच 1982 से 2022 तक कुल 46 टेस्ट मैच खेले गए, जिनमें भारत ने 22 मुकाबले जीते, जबकि 7 में उसे हार का सामना करना पड़ा और 17 मैच ड्रॉ रहे। श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टीम पिछले 11 वर्षों से टेस्ट में अजेय है। भारत को आखिरी बार 2015 में 63 रन से हार मिली थी और यह मुकाबला गॉल में ही खेला गया था, जहां 15 अगस्त से दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला टेस्ट शुरू होगा। उस मुकाबले में केएल राहुल भी भारतीय टीम का हिस्सा थे, लेकिन उनका बल्ला नहीं चला था। राहुल ने पहली पारी में 7 और दूसरी पारी में 4 रन बनाए थे। हालांकि, शिखर धवन और विराट कोहली ने पहली पारी में शानदार शतक जड़कर भारत की स्थिति मजबूत की थी।
2015 के बाद श्रीलंका के खिलाफ अजेय भारत, गॉल में रिकॉर्ड शानदार
2015 के गॉल टेस्ट के बाद से भारत और श्रीलंका के बीच 10 टेस्ट मैच खेले गए हैं, जिनमें भारतीय टीम ने 8 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि 2 मैच ड्रॉ रहे हैं। इस दौरान गॉल में भी एक टेस्ट खेला गया, जिसमें भारत ने 2017 में श्रीलंका को 304 रन से करारी शिकस्त दी थी। हालांकि, गॉल में भारत का ओवरऑल रिकॉर्ड उतना मजबूत नहीं रहा है। भारतीय टीम ने इस मैदान पर अब तक 5 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 2 में जीत मिली और 3 में हार का सामना करना पड़ा। भारत को गॉल में 2001, 2010 और 2015 में शिकस्त झेलनी पड़ी थी।


