नई दिल्ली : भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली ने भले ही 10 हजार से कम रन बनाए हों, लेकिन दोहरे शतक लगाने के मामले में वह भारतीय बल्लेबाजों की सूची में सबसे आगे हैं। विराट के नाम भारत की ओर से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा दोहरे शतक दर्ज हैं और इस मामले में उन्होंने पूर्व कप्तान एवं दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया है। वहीं युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपने छोटे से टेस्ट करियर में ही शानदार प्रदर्शन करते हुए इस रिकॉर्ड सूची के टॉप-10 में जगह बना ली है।
दुनियाभर में सबसे ज्यादा दोहरे शतक की बात करें तो डॉन ब्रैडमैन 12 के साथ टॉप पर हैं। वहीं भारत के लिए विराट कोहली 7 दोहरे शतक लगाकर इस रिकॉर्ड लिस्ट में नंबर 1 पर काबिज हैं। वहीं सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग के नाम 6-6 दोहरे शतक दर्ज हैं। विराट कोहली ने करियर के 123 टेस्ट मैचों की 210 पारियों में 7 दोहरे शतक लगाए थे। जबकि सचिन ने 200 टेस्ट मैच खेलते हुए अपने करियर में 6 बार 200 रनों का आंकड़ा छुआ था।
यशस्वी जायसवाल ने अपने करियर के 29 टेस्ट मैचों में ही दो बार दोहरा शतक जड़ दिया है। दोहरे शतकों की इस सूची में उनके साथ दिलीप सरदेसाई, वीनू मांकड़, वसीम जाफर और वीवीएस लक्ष्मण भी शामिल हैं, जिन्होंने अपने टेस्ट करियर में दो-दो दोहरे शतक लगाए थे। वहीं करुण नायर और शुभमन गिल जैसे मौजूदा खिलाड़ी भी इस सूची में हैं। इनके अलावा गौतम गंभीर, रोहित शर्मा, एमएस धोनी, रवि शास्त्री, सौरव गांगुली और संजय मांजरेकर जैसे भारतीय दिग्गज बल्लेबाजों के नाम टेस्ट क्रिकेट में एक-एक दोहरा शतक दर्ज है।
भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा दोहरे शतक लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज
| खिलाड़ी | मैच | पारी | नाबाद | रन | सर्वोच्च स्कोर | औसत | 100s | 50s | 0 | 200s |
|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
| विराट कोहली | 123 | 210 | 13 | 9230 | 254* | 46.85 | 30 | 31 | 15 | 7 |
| वीरेंद्र सहवाग | 103 | 178 | 6 | 8503 | 319 | 49.43 | 23 | 31 | 16 | 6 |
| सचिन तेंदुलकर | 200 | 329 | 33 | 15921 | 248* | 53.78 | 51 | 68 | 14 | 6 |
| राहुल द्रविड़ | 163 | 284 | 32 | 13265 | 270 | 52.63 | 36 | 63 | 7 | 5 |
| सुनील गावस्कर | 125 | 214 | 16 | 10122 | 236* | 51.12 | 34 | 45 | 12 | 4 |
| चेतेश्वर पुजारा | 103 | 176 | 11 | 7195 | 206* | 43.60 | 19 | 35 | 12 | 3 |
| विनोद कांबली | 17 | 21 | 1 | 1084 | 227 | 54.20 | 4 | 3 | 3 | 2 |
| मयंक अग्रवाल | 21 | 36 | 0 | 1488 | 243 | 41.33 | 4 | 6 | 1 | 2 |
| यशस्वी जायसवाल | 29 | 54 | 2 | 2535 | 214* | 48.75 | 7 | 13 | 6 | 2 |
| दिलीप सरदेसाई | 30 | 55 | 4 | 2001 | 212 | 39.23 | 5 | 9 | 4 | 2 |


