रोनाल्डो के संन्यास की आहट, बोले- शायद यह फुटबॉल का मेरा आखिरी साल

0

नई दिल्ली : पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में संकेत दिया है कि 2026/27 सीजन एक पेशेवर फुटबॉल खिलाड़ी के रूप में उनका आखिरी सीजन हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रोनाल्डो ने कहा, “शायद यह फुटबॉल में मेरा आखिरी साल हो और मैं एक शानदार विरासत छोड़ना चाहता हूं।” उनके इस बयान के बाद फुटबॉल जगत में उनके संभावित संन्यास को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कहा कि उन्होंने अपने भविष्य को लेकर पूरी योजना बना ली है। उनके मुताबिक, फुटबॉल से संन्यास के बाद उनके पास खुद को व्यस्त रखने के लिए कई चीजें हैं, इसलिए किसी एक के बारे में बात करना मुश्किल है। उन्होंने माना कि फुटबॉल के बिना जिंदगी में एक बड़ी कमी महसूस हो सकती है, ऐसे में समय को अलग-अलग गतिविधियों में लगाना जरूरी होगा। रोनाल्डो ने बताया कि उन्हें घूमना-फिरना, मौज-मस्ती करना और पैडल देखना व खेलना पसंद है। उन्होंने कहा कि 25 साल के पेशेवर करियर में उन्होंने और उनके परिवार ने कई त्याग किए हैं, इसलिए अब तक की कमाई और उपलब्धियों का आनंद लेना भी उनके लिए महत्वपूर्ण है।

छठे वर्ल्ड कप में उतरेंगे रोनाल्डो, विदाई की आहट से बढ़ा रोमांच

सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में से एक माने जाने वाले रोनाल्डो अभी सऊदी प्रो लीग में अल-नस्र के लिए क्लब फुटबॉल खेलते हैं। अपने करियर में 1,000 प्रोफेशनल गोल के आंकड़े के करीब हैं। रोनाल्डो ने हाल ही में अमेरिका में अपना छठा वर्ल्ड कप खेला। इस टूर्नामेंट में पुर्तगाल राउंड ऑफ 16 में स्पेन से हारकर बाहर हो गया। स्पेन चैंपियन भी बना।

फुटबॉल के बाद नई जिंदगी की तैयारी, रोनाल्डो ने की शादी

स्पेन के खिलाफ मैच से पहले क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने स्वीकार किया था कि 2026 फीफा विश्व कप उनके करियर का आखिरी विश्व कप हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोनाल्डो ने कहा था, “हां, यह मेरा आखिरी वर्ल्ड कप होगा। चलिए, इसका मजा लेते हैं।” इसके अलावा, पिछले मंगलवार को रोनाल्डो ने पुर्तगाल में अपनी लंबे समय से साथी रहीं मॉडल और इन्फ्लुएंसर जॉर्जीना रोड्रिग्स से शादी की। इस तरह उनके करियर का अंतिम विश्व कप और निजी जीवन में शादी, दोनों ही उनके लिए खास पड़ाव बन गए हैं।

एक मुलाकात से शुरू हुई रोनाल्डो-जॉर्जीना की कहानी

क्रिस्टियानो रोनाल्डो और अर्जेंटीना में जन्मी जॉर्जीना रोड्रिग्स करीब एक दशक से साथ हैं। दोनों की पहली मुलाकात उस समय हुई थी, जब रोनाल्डो स्पेनिश फुटबॉल क्लब रियल मैड्रिड के लिए खेल रहे थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रोनाल्डो की मुलाकात जॉर्जीना से मैड्रिड स्थित गुच्ची के एक आउटलेट पर हुई थी, जहां वह उस समय काम करती थीं। यहीं से दोनों के रिश्ते की शुरुआत हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता लंबे समय तक चलने वाले साथ में बदल गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here