नई दिल्ली : सलामी बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा की 82 रन की तूफानी पारी और कार्तिक त्यागी की धारदार गेंदबाजी के दम पर मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के पांचवें मुकाबले में गौर गोरखपुर लायंस को 36 रन से हरा दिया। चिकारा ने 45 गेंदों की अपनी पारी में 9 चौके और 4 छक्के लगाए। रिंकू सिंह की अगुआई वाली मेरठ मावेरिक्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 206 रन का स्कोर खड़ा किया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा। टीम ने इस लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की और सीजन में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुकाबला जीतने वाली पहली टीम बनी।
भारत रत्न श्री अटल बहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडयम में खेले गए मुकाबले गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन मेरठ के सलामी बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। स्वास्तिक चिकारा और ऋतुराज शर्मा ने 4.2 ओवर में टीम ने 50 रन पूरे किए और पावरप्ले के छह ओवर में टीम का स्कोर 69 रन हो गया। दोनों के बीच 86 रन की साझदेारी को 9वें ओवर में निशांत ठाकुर ने ऋतुराज शर्मा (44 रन, 30 गेंद, 5 चौके, दो छक्के) को आउट कर तोड़ा।
समीर रिजवी के खास क्लब में शामिल हुए स्वास्तिक चिकारा
चिकारा ने इसके बाद 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। चिकारा ने अक्षय दुबे के साथ 62 रन की साझदेारी की। हालांकि, 16 वें ओवर में गौर गोरखपुर लायंस से राहुल शर्मा ने लगातार दो विकेट लेकर मेरठ को झटका दिया, लेकिन चिकारा ने आक्रामक अंदाज अपनाये रखा। इस दौरान चिकारा ने यूपी टी-20 लीग में अपने 100 छक्के पूरे कर खास उपलब्धि हासिल की। वह लीग में यह मुकाम हासिल करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। उनसे पहले कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रजवी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
रिंकू सिंह ने भी मचाया धमाल, तेजी से बटोरे रन
चिकारा 18 वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हुए। इसके बाद कप्तान रिंकू सिंह ने तेजी से रन बटोरे और 25 रन बनाए। दिव्यांश राजपूत ने 13 रन बनाए। मेरठ ने छह विकेट पर 206 रन बनाए। जवाब में 207 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे गोरखपुर लायंस ने नियमित अतंराल पर विकेट गंवाए और 10 ओवर में पांच विकेट पर 56 रन बना लिए। सिद्धार्थ यादव ने 22 गेंदों पर 40 रन की पारी खेलकर वापसी की कोशिश की। उन्होंने 12 वें ओवर में जीशान अंसारी के खिलाफ 19 रन बटोरे।
कार्तिक त्यागी का शानदार स्पेल, मेरठ की जीत पर लगाई मुहर
सिद्धार्थ ने निशांत कुशवाहा के साथ 47 रन की साझेदारी कर गोरखपुर की पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन 15वें ओवर में जीशान अंसारी ने सिद्धार्थ को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। इसके बाद 18वें ओवर में निशांत ठाकुर ने विशाल चौधरी के खिलाफ लगातार चार छक्के लगाकर मुकाबले में रोमांच बढ़ा दिया। हालांकि, मेरठ के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने अगले ही ओवर में 143 किमी/घंटे की रफ्तार वाली शानदार यॉर्कर पर ठाकुर को बोल्ड कर दिया। त्यागी ने चार ओवर में महज 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए। गोरखपुर की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 170 रन ही बना सकी। मेरठ की जीत का अंत भी बेहद यादगार रहा। आखिरी गेंद पर कप्तान रिंकू सिंह ने शानदार कैच लपककर अपनी टीम की 36 रन की जीत पर मुहर लगा दी।


