नई दिल्ली : श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय टीम का दबदबा बना हुआ है। पहली पारी में 462 रन का मजबूत स्कोर खड़ा करने के बाद मानव सुतार की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका की पारी को मुश्किल में डाल दिया है। तीसरे दिन के पहले सत्र का खेल समाप्त होने तक मेजबान टीम ने 28 ओवर में 99 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। इस स्थिति में भारत के पास 363 रन की बड़ी बढ़त है और टीम मुकाबले में मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। स्पिनरों की गेंदबाजी देखकर ऐसा लग रहा है कि आगे बल्लेबाजी आसान नहीं होगी, लेकिन भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय गॉल का मौसम है। अच्छी बात यह रही कि तीसरे दिन पहले सत्र में तय समय पर मैच शुरू हुआ और पूरा खेल हुआ। हालांकि, दोपहर और शाम में बारिश की पूरी संभावना है।
गॉल टेस्ट पर बारिश का साया, तीसरे दिन भी मौसम बनेगा चुनौती
भारतीय समयानुसार दोपहर में 1.30 बजे 27 प्रतिशत,शाम 3.30 बजे 34 और 5.30 बजे 47 प्रतिशत बारिश की संभावना है। गॉल की परिस्थितियों के देखते हुए भारतीय टीम पहली पारी में बड़ी बढ़त हासिल करना चाहेगी। श्रीलंका को फॉलोऑन बचाने के लिए 263 रन बनाने होंगे। स्थिति देखकर ऐसा लग नहीं रहा कि फॉलोऑन बच पाएगा।
श्रीलंका को दूसरी ही गेंद पर लगा बड़ा झटका
श्रीलंका को पहला झटका दूसरी ही गेंद पर लग गया। मोहम्मद सिराज ने निशान फर्नांडो को देवदत्त पडिक्कल के हाथों स्लिप में कैच कराया। दूसरे ओपनर लाहिरू उदारा ने तेजी से रन बनाना। शुरू किया। 8वें ओवर में मानव सुतार ने पहली ही गेंद पर विकेट झटक लिया। उन्होंने दिनेश चांदीमल को आउट किया। वह 4 रन बनाकर ऋषभ पंत को कैच दे बैठे।
मानव सुतार का कहर, श्रीलंका के खिलाफ झटके 2 विकेट
इसके बाद लाहिरू उदारा को मानव सुतार ने यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराकर श्रीलंका को एक और झटका दिया। कामिंदु मेंडिस का विकेट कुलदीप यादव के खाते में गया, जिन्हें शुभमन गिल ने एक्स्ट्रा कवर पर डाइव लगाते हुए एक हाथ से शानदार कैच पकड़कर पवेलियन भेजने में मदद की। मेंडिस ने 14 रन बनाए। इसके बाद कप्तान धनंजय डी सिल्वा को रविंद्र जडेजा ने आउट किया। उनका कैच केएल राहुल ने स्लिप में पकड़ा और वह 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। भारत की ओर से मानव सुतार ने दो विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और रविंद्र जडेजा को एक-एक सफलता मिली।


