‘नई गेंद पर कॉमन सेंस जरूरी’, पंत के शॉट पर मोहम्मद कैफ ने जताई नाराजगी

0

नई दिल्ली : गॉल में बारिश से प्रभावित टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय टीम मजबूत स्कोर की ओर बढ़ रही थी, लेकिन कुछ ही ओवरों के भीतर मुकाबले का रुख बदल गया। 288/2 के स्कोर से आगे खेलने उतरी टीम इंडिया ने 43 ओवर के खेल में सात विकेट गंवा दिए। इस दौरान ऋषभ पंत का विकेट भी शामिल रहा, जिससे भारतीय पारी को बड़ा झटका लगा। ऋषभ पंत के गैर-जिम्मेदाराना शॉट ने पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ को नाराज कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मोहम्मद कैफ ने उनके शॉट चयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी परिस्थिति में बल्लेबाज को थोड़ी क्रिकेट की समझ दिखानी चाहिए थी।

ऋषभ पंत के शॉट चुनने के तरीके में फिर कमी दिखी। श्रीलंका ने 80 ओवर पूरे होने के तुरंत बाद (दिन के सातवें ओवर में) दूसरी नई गेंद ली। इसके ठीक चार गेंद बाद ही ऋषभ पंत आउट हो गए। डेब्यूटेंट ऑफ स्पिनर केशरा नुवांता ने ऋषभ पंत को एक लापरवाह स्लॉग शॉट खेलने के लिए उकसाया और वाइड लॉन्ग-ऑफ पर कैच करा दिया। ऋषभ पंत 39 रन पर बनाकर आउट हुए।

भारत के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने उस स्थिति में ऋषभ पंत के शॉट खेलने के तरीके और उनमें कॉमन सेंस की कमी की आलोचना की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मोहम्मद कैफ ने ब्रॉडकॉस्ट चैनल पर कहा, ‘‘ऋषभ पंत जिस तरह से आउट हुए, उससे मुझे कोई शिकायत नहीं है। वह ऐसे ही खेलते हैं, लेकिन शिकायत कॉमन सेंस की कमी को लेकर है।’’

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मोहम्मद कैफ ने कहा, ‘‘यह नई गेंद का पहला ओवर था। उस ओवर में वह तीन बार आगे बढ़कर खेले। कॉमन सेंस कहता है कि कट शॉट खेलें। नई गेंद को पांच-छह ओवर तक देखें। यही टेस्ट मैच की परंपरा है। जो भी उनकी तरह खेलता है, वह भी कॉमन सेंस का इस्तेमाल करता है।’’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मोहम्मद कैफ ने कहा, ‘‘मुझे हैरानी हुई कि वह (ओवर की) पहली ही गेंद पर आगे बढ़कर खेले। थोड़ा हिसाब-किताब करना चाहिए। अगर कोई बल्लेबाज 150 रन पर भी खेल रहा हो तब भी नई गेंद आने पर कुछ गेंदें संभलकर खेलता है। मैं इस मामले में उनके नंबर काटूंगा। तार्किक और क्रिकेट की समझ के मामले में वह बहुत पीछे रह गए।’’

गॉल टेस्ट में लगातार विकेट गिरने के बावजूद भारत मजबूत स्थिति में बना हुआ है, क्योंकि पिच अब स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार होती जा रही है। भारतीय पारी को नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे देवदत्त पडीक्कल ने संभाला और शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया। कर्नाटक के इस बल्लेबाज ने अपनी पारी को 167 रन के बड़े स्कोर में तब्दील किया। इसके बाद ध्रुव जुरेल ने भी अर्धशतक लगाकर भारत के स्कोर को 400 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here