दूसरे सत्र में भारत बेअसर, डिकवेला-दिनुशा ने 4 के रनरेट से बटोरे रन

0

नई दिल्ली : भारत के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन दूसरे सत्र में श्रीलंका ने शानदार वापसी की। पहले सत्र में 90 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद मेजबान टीम पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन सोनल दिनुशा और निरोशन डिकवेला ने दूसरे सत्र में पारी को संभाल लिया। दोनों बल्लेबाजों ने तेज गति से रन बनाते हुए करीब 4 के रनरेट से स्कोर आगे बढ़ाया और श्रीलंका को शुरुआती संकट से बाहर निकाला। हालांकि, फॉलोऑन का खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है, लेकिन श्रीलंकाई टीम की स्थिति पहले के मुकाबले बेहतर जरूर नजर आ रही है।

सोनल दिनुशा 62 और निरोशन डिकवेला 71 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 185 गेंद पर 124 रनों की साझेदारी हो गई है। दूसरे सत्र में श्रीलंका ने 29 ओवर में 116 रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों ने हर तरह से विकेट लेने की कोशिश की, लेकिन दोनों बल्लेबाजों ने काउंट अटैकिंग बल्लेबाजी की। सावधानी और आक्रामकता का मिला-जुला खेल दिखाया और श्रीलंका की वापसी कराई। श्रीलंका का स्कोर 57 ओवर में 5 विकेट पर 214 रन हो गया। भारत के पास 248 रनों की बढ़त है।

डिकवेला-दिनुशा की पारी के बावजूद 248 रन पीछे श्रीलंका

डिकवेला ने स्वीप शॉट का बहुत अच्छे से इस्तेमाल किया और भारतीय स्पिनरों को जमने नहीं दिया, जबकि दिनुशा का खेलने का तरीका थोड़ा पारंपरिक रहा है। दोनों ने अर्धशतक पूरे कर लिए हैं। श्रीलंका चाहेगा कि दोनों अपनी पारी को शतक में बदलें, क्योंकि इस जोड़ी के बाद बल्लेबाज नहीं बचे हैं। श्रीलंका अभी भी 248 रन पीछे हैं और फॉलोऑन से बचने के लिए उन्हें 49 और रनों की जरूरत है। हालांकि, भारत आखिरी में बैटिंग करने का जोखिम नहीं उठाना चाहेगा, इसलिए अब फॉलोऑन लागू किए जाने की संभावना बहुत कम है।

भारत 462 पर आउट

पहले सत्र में बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुतार की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए श्रीलंकाई टॉप ऑर्डर की कमर तोड़ दी। तीसरे दिन भारत ने 9 विकेट पर 460 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और अपनी पहली पारी में सिर्फ दो रन जोड़कर 462 रन पर ऑलआउट हो गया। इसके बाद श्रीलंकाई टीम के सामने भारत के मजबूत स्कोर का जवाब देने के लिए अच्छी शुरुआत करना जरूरी था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उसे शुरुआत से ही दबाव में डाल दिया।

सिराज का तूफानी आगाज, दूसरी गेंद पर श्रीलंका का विकेट

मुख्य तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने पारी की अपनी दूसरी ही गेंद पर श्रीलंकाई टीम को शुरुआती झटका दिया। मैच में श्रीलंका XI के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले निशान फर्नांडो पहली स्लिप में खड़े देवदत्त पडिक्कल के को केच दे बैठे। 0/1 के स्कोर पर श्रीलंकाई टीम तुरंत दबाव में आ गई ।

सुतार की शानदार गेंदबाजी

सुतार ने बल्लेबाजों को परेशान करने में अहम भूमिका निभाई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने शानदार फ्लाइट, डिप और टर्न से बल्लेबाजों को खूब छकाया। उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर सफलता हासिल की। अनुभवी दिनेश चांदीमल के बल्ले का हल्का बाहरी किनारा गेंद से लगा और वह ऋषभ पंत के सुरक्षित हाथों में समा गया। टेस्ट क्रिकेट में 50 से ज्यादा का औसत रखने वाले दो बल्लेबाज लाहिरू उदारा और कामिंदु मेंडिस अच्छे दिखे। मेंडिस ने प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर पुल करके छक्का भी जड़ा।

उदारा ने खेला साधारण शॉट, गंवाया अपना विकेट

लाहिरू उदारा शुरुआत में ज्यादा परेशान नजर नहीं आए और उन्होंने मानव सुतार की गेंदों पर पुल और कट शॉट खेलकर कुछ शानदार बाउंड्री भी लगाईं। हालांकि, जल्द ही एक साधारण शॉट उनकी पारी पर भारी पड़ गया। सुतार की गेंद पर उदारा ने ऐसा शॉट खेला, जो सीधे गली में खड़े यशस्वी जायसवाल के हाथों में चला गया और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। सुतार ने इस दौरान शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 85 किमी/घंटे से अधिक की रफ्तार से लगातार गेंदबाजी करते हुए गेंद को अच्छी तरह टर्न कराया और श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।

शुभमन गिल ने हवा में छलांग लगाकर पकड़ा बेहतरीन कैच

कामिंदु मेंडिस खुद को थोड़ा बदकिस्मत मान सकते हैं। कुलदीप यादव की गेंद पर उन्होंने हवा में शॉट खेला, जिसे शुभमन गिल ने शानदार डाइव लगाते हुए एक हाथ से लपक लिया। इस कैच के साथ कुलदीप को अहम सफलता मिली। इसके बाद रविंद्र जडेजा ने भी विकेट लेने वालों की सूची में अपना नाम दर्ज कराया। जडेजा की गेंद पर श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने 21 रन पर शॉट खेला, लेकिन गेंद बल्ले का हल्का किनारा लेकर स्लिप में खड़े केएल राहुल के हाथों में चली गई और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here