IND vs SL: मैदान पर चोटिल हुआ सीनियर खिलाड़ी, अस्पताल पहुंचने के बाद बोर्ड ने दिया अपडेट

0

नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका के बीच गॉल टेस्ट के चौथे दिन भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी की शुरुआत की। टीम इंडिया ने बिना कोई रन बनाए ही सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का विकेट गंवा दिया, जिसके बाद केएल राहुल और पहली पारी में शतक लगाने वाले देवदत्त पडीक्कल ने पारी को संभाला। इसी दौरान श्रीलंका को एक बड़ा झटका लगा। बाउंड्री पर फील्डिंग करते समय अनुभवी खिलाड़ी दिनेश चांडीमल चोटिल हो गए। चोट के बाद उनकी स्थिति की जांच के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार श्रीलंका क्रिकेट ने उनकी इंजरी पर पूरा अपडेट दिया है और चांडीमल की चोट की जानकारी भी दी। इसके मुताबिक उन्हें दाएं कंधे और गर्दन में चोट लगी है। बाउंड्री पर एक चौका रोकने के प्रयास में चौथे दिन के पहले घंटे में ही वह चोटिल हो गए थे। इसके बाद टीम के फिजियो और ग्राउंड पर मौजूद डॉक्टर ने उन्हें देखा। इसके बाद उन्हें तुरंत स्कैन के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। इस पर अधिक जानकारी स्कैन के नतीजों के बाद ही सामने आएगी। श्रीलंका के लिए 93वां टेस्ट खेल रहे चांडीमल के नाम साढ़े छह हजार से ज्यादा टेस्ट रन दर्ज हैं। पहली पारी में वह खास योगदान बल्ले से नहीं दे पाए थे। उन्होंने 16 गेंद पर सिर्फ 4 रन ही बनाए थे।

गॉल टेस्ट: भारतीय टीम विशाल बढ़त की ओर, श्रीलंका पर शिकंजा

भारत ने इस मैच में तीसरे दिन ही पहली पारी के आधार पर 178 रन की बढ़त हासिल कर ली थी। भारत के 462 रन के जवाब में श्रीलंकाई टीम 284 रन पर ऑलआउट हुई थी। चौथे दिन भारत की दूसरी पारी शुरू हुई और यशस्वी जायसवाल पहले ओवर की तीसरी गेंद पर ही असिता फर्नान्डो का शिकार बने। इसके बाद पहली पारी में 82 रन बनाने वाले केएल राहुल और 167 रन की पारी खेलने वाले देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभाला। दोनों ने 13वें ओवर में ही अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की और अच्छे रन रेट से बल्लेबाजी की। भारत ने 14.3 ओवर में खबर लिखे जाने तक 1 विकेट पर 65 रन बना लिए थे। भारत की कुल बढ़त 243 रन की हो गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here