नई दिल्ली : डारविन में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इस हार के बाद दो मैचों की टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया पर सीरीज गंवाने का खतरा मंडरा रहा है। कंगारू टीम को सीरीज बचाने के लिए 22 अगस्त से मैके में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में हर हाल में जीत हासिल करनी होगी। मुकाबले को लेकर मेजबान टीम ने तैयारियां तेज कर दी हैं और स्क्वाड में भी बड़ा बदलाव किया है। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट से अपने एक ओपनिंग बल्लेबाज को बाहर कर दिया है, जिससे टीम की बल्लेबाजी संयोजन में बदलाव तय माना जा रहा है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मंगलवार 18 अगस्त की सुबह दूसरे टेस्ट के लिए अपना स्क्वाड घोषित किया है। इस टीम में से जैक वेदराल्ड को बाहर किया गया है, जबकि मैथ्यू रेनशॉ की टीम में एंट्री हुई है। वहीं मार्नस लाबुशेन को एक और मौका मिला है। लगातार खराब फॉर्म के चलते उनके ऊपर खतरे की तलवार लटक रही थी, मगर मैनेजमेंट ने उन्हें एक और मौका दिया है।
मैट रेनशॉ की टेस्ट टीम में वापसी, 3 साल बाद फिर मिला मौका
बता दें कि मैथ्यू रेनशॉ ने अपना आखिरी टेस्ट मैच 2023 में भारत के खिलाफ दिल्ली के मैदान पर खेला था। उसके बाद से उन्हें अपने अगले मैच का इंतजार है। उन्होंने टेस्ट डेब्यू के बाद से लगातार ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे और टी20 फॉर्मेट खेला, मगर टेस्ट में अब तीन साल बाद वह लौटे हैं। अब देखना होगा कि उन्हें दूसरे टेस्ट में खेलने का मौका मिलता है या नहीं।
बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वाड
पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, ब्यू वेबस्टर।
पहले टेस्ट में बुरी तरह हारे कंगारू, बांग्लादेश ने रचा इतिहास
बांग्लादेश ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में डार्विन में ऑस्ट्रेलिया को हराकर इतिहास रच दिया था। यह ऑस्ट्रेलिया की धरती पर बांग्लादेश की पहली टेस्ट जीत थी और 2017 में मीरपुर में मिली जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसकी कुल दूसरी टेस्ट जीत रही। मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 198 रन पर सिमट गई, जिसके जवाब में बांग्लादेश ने 426 रन बनाकर मजबूत बढ़त हासिल की। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम दूसरी पारी में 284 रन ही बना सकी और बांग्लादेश के सामने 57 रन का लक्ष्य रखा। मेहमान टीम ने यह लक्ष्य एक विकेट गंवाकर हासिल कर लिया और 9 विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।


