नई दिल्ली : आईसीसी ने 19 अगस्त 2026 को ताजा पुरुष क्रिकेट रैंकिंग जारी की है। बांग्लादेश ने डारविन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया, जिसका फायदा उसके खिलाड़ियों को आईसीसी रैंकिंग में भी मिला है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड को इस हार के बाद रैंकिंग में नुकसान उठाना पड़ा है। टेस्ट क्रिकेट के टॉप-10 बल्लेबाजों की सूची में भारतीय कप्तान शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल अपनी जगह बरकरार रखने में सफल रहे हैं।
हैरी ब्रूक टेस्ट क्रिकेट में अब नए नंबर 1 बल्लेबाज बन गए हैं। ट्रेविस हेड नंबर 1 से सीधे नंबर 4 पर खिसक गए। ब्रूक नंबर 1, जो रूट नंबर 2 और ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ नंबर 3 पर आ गए हैं। इन सभी बल्लेबाजों को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है। वहीं यशस्वी जायसवाल की पोजिशन में कोई अंतर नहीं आया और वह नंबर 9 पर काबिज हैं। भारतीय कप्तान शुभमन गिल भी नंबर 7 पर बने हुए हैं। जबकि भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत एक स्थान के फायदे के साथ 14वें से 13वें स्थान पर आ गए।
डारविन टेस्ट में 84 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलने वाले बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शंटो को आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में नौ स्थान का फायदा हुआ है। वह अब 20वें स्थान पर पहुंचकर टॉप-20 बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं। वहीं, टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह नंबर-1 स्थान पर कायम हैं। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह पांचवें स्थान पर खिसक गए हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसेन एक पायदान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।
पैट कमिंस की रैंकिंग गिरी, बांग्लादेश से हार के बाद दोहरा नुकसान
टेस्ट ऑलराउंडर्स की आईसीसी रैंकिंग में रविंद्र जडेजा ने अपना नंबर-1 स्थान बरकरार रखा है। हालांकि, टॉप-10 में कई बदलाव देखने को मिले हैं। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क एक पायदान खिसककर तीसरे से चौथे स्थान पर आ गए हैं। वहीं दक्षिण अफ्रीका के वियान मुल्डर, भारत के वाशिंगटन सुंदर और इंग्लैंड के गस एटकिंसन को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है। मुल्डर पांचवें, सुंदर छठे और एटकिंसन सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को इस सूची में भी नुकसान हुआ है और वह पांचवें से आठवें स्थान पर खिसक गए हैं। इस तरह टेस्ट रैंकिंग में कमिंस को दोहरा झटका लगा है।
टेस्ट रैंकिंग में हुए इन बदलावों के अलावा वनडे और टी20 के टॉप-10 बल्लेबाजों, गेंदबाजों और टीमों की रैंकिंग में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। टेस्ट टीम रैंकिंग में भी स्थिति समान बनी हुई है। ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर कायम है, जबकि भारत चौथे और बांग्लादेश नौवें स्थान पर बना हुआ है।


