नई दिल्ली : भारत ने गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में श्रीलंका को 165 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। भारत की इस जीत का असर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंकतालिका पर भी पड़ा है। हालांकि, श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज करने के बावजूद भारतीय टीम पांचवें स्थान पर ही बनी हुई है, जबकि श्रीलंका की स्थिति में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। अंकतालिका में ऑस्ट्रेलिया शीर्ष स्थान पर कायम है। उसके बाद दक्षिण अफ्रीका दूसरे, न्यूजीलैंड तीसरे और बांग्लादेश चौथे स्थान पर बना हुआ है।
भारत ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र में अब तक 10 टेस्ट मैच खेले हैं। इसमें से उसने पांच में जीत हासिल की है, जबकि चार में हार का सामना किया है। एक टेस्ट मैच ड्रॉ रहा है। भारत के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में अब 64 अंक हो गए हैं, जबकि अंक प्रतिशत 53.33 है। इस तरह वह पांचवें स्थान पर बना हुआ है। भारत बनाम श्रीलंका गॉल टेस्ट मैच से पहले उसके नौ मुकाबलों में 52 अंक थे और अंक प्रतिशत 48.15 था।
श्रीलंकाई क्रिकेट टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की मौजूदा अंकतालिका में छठे स्थान पर बनी हुई है। श्रीलंका ने इस चक्र में अब तक पांच टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उसे सिर्फ एक मुकाबले में जीत मिली है, जबकि दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। श्रीलंका के दो टेस्ट ड्रॉ रहे हैं। इन परिणामों के बाद उसके खाते में 20 अंक हैं और उसका अंक प्रतिशत 33.33 है।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की ताजा अंक तालिका (19 अगस्त 2026 की दोपहर दो बजे तक अपडेट)
| स्थान | टीम | मैच | जीते | हारे | ड्रॉ | अंक कटे | अंक | पर्सेंटाइल |
| 1 | ऑस्ट्रेलिया | 9 | 7 | 2 | 0 | 0 | 84 | 77.78 |
| 2 | साउथ अफ्रीका | 4 | 3 | 1 | 0 | 0 | 36 | 75 |
| 3 | न्यूजीलैंड | 6 | 4 | 1 | 1 | 0 | 52 | 72.22 |
| 4 | बांग्लादेश | 5 | 3 | 1 | 1 | 0 | 40 | 66.67 |
| 5 | भारत | 10 | 5 | 4 | 1 | 0 | 64 | 53.33 |
| 6 | श्रीलंका | 5 | 1 | 2 | 2 | 0 | 20 | 33.33 |
| 7 | इंग्लैंड | 13 | 4 | 8 | 1 | 14 | 38 | 24.36 |
| 8 | पाकिस्तान | 6 | 2 | 4 | 0 | 8 | 16 | 22.22 |
| 9 | वेस्टइंडीज | 12 | 2 | 8 | 2 | 2 | 30 | 20.83 |
इस प्रकार है विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका प्रणाली
- विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में यदि कोई टीम मैच जीतती है तो उसे 12 अंक मिलते हैं।
- विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में यदि कोई मुकाबला टाई हो जाता है तो दोनों टीमों को 6-6 अंक मिलते हैं।
- विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में यदि कोई मुकाबला ड्रॉ रहता है तो दोनों टीमों को 4-4 अंक मिलते हैं।
- विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में टीमों की रैंकिंग जीते गए अंकों के प्रतिशत के आधार पर तय की जाती है।
- विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में शीर्ष-2 में रहने वाली टीमों के बीच फाइनल (2027 में) होगा।
- विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेले जाने वाले मुकाबलों में स्लो ओवर रेट के लिए अंक काटे जाते हैं।
- डब्ल्यूटीसी 2025-27 में अब तक तीन टीमों (इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज) के क्रमशः 14, 8 और 2 अंक काटे गए हैं।


