600वें टेस्ट में भारत का धमाका, मानव सुतार ने 10 विकेट लेकर रचा इतिहास; प्लेयर ऑफ द मैच से चूके

0

नई दिल्ली : भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में 165 रन से शानदार जीत दर्ज कर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। भारत की इस जीत के सबसे बड़े नायकों में स्पिन गेंदबाज मानव सुतार रहे। सुतार ने पूरे मुकाबले में कुल 10 विकेट चटकाए, जिसमें दूसरी पारी के छह विकेट भी शामिल रहे। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उनके नाम पांच बड़ी उपलब्धियां दर्ज हो गईं। हालांकि, हैरानी की बात यह रही कि इतने प्रभावशाली प्रदर्शन के बावजूद मानव सुतार को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार नहीं मिला।

मानव सुतार के अलावा देवदत्त पडिक्कल भी भारत की इस जीत के प्रमुख नायकों में रहे। उन्होंने पहली पारी में शानदार 167 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि दूसरी पारी में भी 44 रन का अहम योगदान दिया। पूरे मुकाबले में 211 रन बनाने के लिए पडिक्कल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। साई सुदर्शन की गैरमौजूदगी में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए पडिक्कल ने शानदार प्रदर्शन किया और इस स्थान को लेकर टीम इंडिया की चिंता को काफी हद तक दूर कर दिया।

मानव सुतार के नाम दर्ज 5 बड़े रिकॉर्ड
  1. विदेशी सरजमीं पर टेस्ट मैच में 10 विकेट लेने वाले भारतीय स्पिनर
    मानव सुतार के करियर का यह सिर्फ दूसरा टेस्ट मैच था और उन्होंने पहली बार किसी टेस्ट में 10 विकेट लेने का कारनामा किया। इसके साथ ही वह भारत के बाहर एक टेस्ट मैच में 10 विकेट लेने वाले भारत के सातवें स्पिनर बन गए। उनसे पहले रविचंद्रन अश्विन ने यह उपलब्धि दो बार हासिल की थी। वहीं बिशन सिंह बेदी, इरापल्ली प्रसन्ना, भगवत चंद्रशेखर, अनिल कुंबले और हरभजन सिंह ने एक-एक बार भारत के बाहर टेस्ट में 10 विकेट लेने का कारनामा किया था।
  2. विदेशी सरजमीं पर टेस्ट मैच में 10 विकेट लेने वाले सबसे युवा भारतीय स्पिनर
    मानव सुतार भारत के बाहर किसी टेस्ट मैच में 10 विकेट लेने वाले सबसे युवा भारतीय स्पिनर भी बन गए हैं। उनसे पहले किसी भी भारतीय स्पिनर ने 24 साल 16 दिन से कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल नहीं की थी। सुतार ने 24 साल 16 दिन की उम्र में यह कारनामा कर इतिहास रच दिया।
  3. भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट मैच में 10 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज
    अनिल कुंबले: 2
    हरभजन सिंह: 2
    मनिंदर सिंह: 1
    वेंकटपति राजू: 1
    रविचंद्रन अश्विन: 1
    मानव सुतार: 1
  4.  भारत के लिए सबसे कम मैच में एक टेस्ट में 10 विकेट लेने वाले खिलाड़ी
    1 मैच: नरेंद्र हिरवानी (16/136 डेब्यू vs वेस्टइंडीज, चेन्नई 1988)
    2 मैच: लक्ष्मण शिवरामाकृष्णन
    2 मैच: अक्षर पटेल
    2 मैच: मानव सुतार
    4 मैच: श्रिनिवास वेंकटराघवन
  5.  पहले दो टेस्ट मैच में एक से ज्यादा 5 विकेट हॉल लेने वाले भारतीय
    3 : नरेंद्र हिरवानी
    3 : अक्षर पटेल
    2 : लक्ष्मण शिवरामाकृष्णन
    2 : मानव सुतार
गॉल टेस्ट का पूरा हाल, जानिए मैच में क्या-क्या हुआ

गॉल टेस्ट में भारतीय टीम ने पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए 462 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। देवदत्त पडिक्कल ने शानदार 167 रन बनाए, जबकि केएल राहुल ने 82 और ध्रुव जुरेल ने 51 रन की पारियां खेलीं। इसके जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर सिमट गई। भारत के लिए मानव सुतार ने चार और रविंद्र जडेजा ने तीन विकेट चटकाए।

दूसरी पारी में भारतीय टीम 193 रन पर ऑलआउट हो गई। ऋषभ पंत ने 66 रन की अहम पारी खेली, जिसकी बदौलत श्रीलंका को जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य मिला। हालांकि, श्रीलंकाई टीम 206 रन पर ही ढेर हो गई। भारत की ओर से दूसरी पारी में मानव सुतार ने छह विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया और टीम को 165 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here