निक किर्गियोस के करियर को बड़ा झटका, कोकीन टेस्ट पॉजिटिव; सामने आई सफाई

0

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलियाई टेनिस खिलाड़ी निक किर्गियोस ने बुधवार को खुलासा किया कि उनका कोकीन टेस्ट पॉजिटिव आया है, जिसके बाद उन्हें अस्थायी रूप से टेनिस से निलंबित कर दिया गया है। 31 वर्षीय किर्गियोस 2022 विंबलडन के पुरुष एकल फाइनल में नोवाक जोकोविच से हारकर उपविजेता रहे थे। हालांकि, लगातार चोटों के कारण उनका करियर प्रभावित हुआ है और वह फिलहाल विश्व रैंकिंग में 919वें स्थान पर हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार किर्गियोस ने सोशल मीडिया के जरिए इस मामले की जानकारी साझा की और अपने प्रशंसकों के सामने पूरी स्थिति रखी।

उन्होंने जून में आयोजित एक निचेल स्तर के टूर्नामेंट का जिक्र करते हुए लिखा कि हाल में मल्लोर्का में मेरा ड्रग परीक्षण पाजिटिव आया जिसमें मैं कोकीन के लिए पाजिटिव मिला। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि मैंने बहुत बड़ी गलती की और इसकी पूरी जिम्मेदारी लेता हूं। प्रतियोगिताओं के दौरान कोकीन को प्रतिबंधित डोपिंग पदार्थ माना जाता है। हालांकि, प्रतियोगिता से बाहर इसके इस्तेमाल के मामलों में कम सजा का प्रावधान हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार किर्गियोस ने कहा कि पिछले दो वर्षों से चोटों से जूझने के कारण अपने करियर के अंतिम दौर के करीब पहुंचने की वास्तविकता को स्वीकार करना उनके लिए मुश्किल रहा है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार किर्गियोस ने कहा कि कई बार उन्होंने खुद को असहाय और अकेला महसूस किया, लेकिन उनके मुताबिक यह उनके किए को सही नहीं ठहराता। पिछले महीने उन्हें विंबलडन में पुरुष युगल खेलने के लिए वाइल्ड कार्ड मिला था, जहां उन्होंने अलेक्जेंडर बुब्लिक के साथ जोड़ी बनाई, हालांकि दोनों को पहले दौर में ही हार का सामना करना पड़ा। अंतरराष्ट्रीय टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी (आईटीआईए) के अनुसार, किर्गियोस का डोपिंग सैंपल 22 जून को लिया गया था और 17 जुलाई को उनके नमूने में प्रतिबंधित पदार्थ की पुष्टि हुई। उस समय वह विंबलडन में हिस्सा ले चुके थे। एजेंसी ने बताया कि किर्गियोस पर अनिवार्य अस्थायी निलंबन 4 अगस्त से लागू किया गया और उन्होंने अभी तक इस निलंबन के खिलाफ अपील नहीं की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here