महिला हॉकी विश्व कप: भारत अगले दौर में पहुंचा, इंग्लैंड का सफर खत्म

0

नई दिल्ली : सलीमा टेटे की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे दौर में जगह बना ली यानी ये टीम अब टॉप-8 में पहुंच गई। ग्रुप डी लीग मुकाबले में भारत का सामना इंग्लैंड के साथ हुआ और भारत ने ये मैच ड्रॉ खेला यानी इस मैच में आखिरी मिनट तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर पाईं और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। भारत का ये तीसरा लीग मैच था और भारत व इंग्लैंड दोनों टीमों को ही एक-एक अंक दिए गए।

भारत-इंग्लैंड मैच ड्रॉ

इंग्लैंड के खिलाफ ड्रॉ खेलने के बाद भारत के 3 मैचों में 4 अंक हुए और ये टीम आसानी से अगले दौर में पहुंच गई तो वहीं भारत के खिलाफ ड्रॉ खेलने के बाद इंग्लैंड की टीम महिला हॉकी वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गई। इंग्लैंड ने 3 मैचों में 3 अंक हासिल किए। भारत ने अपने 3 लीग मुकाबलों में से एक में जीत दर्ज की थी जबकि दो मैच भारत ने भी ड्रॉ खेले। ग्रुप डी में इस बार भारत के साथ चीन, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका की टीम थी जिसमें से चीन पहले ही दूसरे राउंड में पहुंच चुका था और वो 7 अंक के साथ ग्रुप डी की अंकतालिका में पहले नंबर पर भी रहा।

अंतिम मिनट तक संघर्ष करती रही भारत की टीम

इंग्लैंड के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने टीम के शानदार डिफेंस की तारीफ की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही टीम ने तय किया था कि वह हर स्थिति के लिए पूरी ताकत से लड़ेगी और आखिरी मिनट तक संघर्ष जारी रखा। सलीमा ने माना कि इंग्लैंड का पेनल्टी कॉर्नर अटैक मजबूत है, लेकिन भारतीय डिफेंस ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उसे रोकने में सफलता हासिल की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि अब इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला खत्म हो चुका है और टीम का ध्यान अगले दौर पर है, जहां भारत को नीदरलैंड्स और ऑस्ट्रेलिया में से किसी एक टीम का सामना करना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here