IND vs SL: दिनुशा ने फिर बढ़ाई भारत की परेशानी, ड्रॉ की ओर बढ़ रहा कोलंबो टेस्ट

0

नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेला जा रहा दूसरा टेस्ट अब ड्रॉ की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। सोनल दिनुशा एक बार फिर भारतीय गेंदबाजों के लिए परेशानी खड़ी करते दिखे। मैच के पांचवें दिन के पहले सत्र में श्रीलंका ने 31.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 100 रन जोड़े। लंच तक सोनल दिनुशा 55 और केशारा नुवंता 46 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों बल्लेबाजों के बीच सातवें विकेट के लिए 111 रन की अहम साझेदारी हो चुकी थी, जिससे श्रीलंका ने भारत पर दबाव बनाए रखा।

चौथे दिन के अंत तक श्रीलंका ने पारी की हार को टालते हुए 229 रन 6 विकेट पर बना लिए थे। पांचवें दिन पहले सेशन के अंत तक श्रीलंका ने 329 रन बना लिए थे लेकिन विकेट 6 ही थे। भारतीय गेंदबाज एक भी सफलता के लिए तरसते दिखे। भारत को पहली पारी के आधार पर 213 रन की बढ़त मिली थी। श्रीलंका ने पांचवें दिन लंच तक 116 रन की बढ़त बना ली थी।

सोनल दिनुशा ने भारत के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अब तक लगातार चार पारियों में 50 प्लस का स्कोर बनाया है। गॉल टेस्ट में दिनुशा ने 100 और 84 रन की पारियां खेली थीं। इसके बाद कोलंबो टेस्ट में उन्होंने 103 रन का शतक जड़ा और अब दूसरी पारी में 55 रन बनाकर नाबाद हैं। इस शानदार प्रदर्शन के साथ दिनुशा भारतीय टीम के लिए लगातार चुनौती बने हुए हैं।

मुकाबले में कब-कब बदला खेल?

इस मुकाबले में भारत ने पहली पारी में 9 विकेट खोकर 503 रन बनाकर पारी घोषित की। देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल ने शानदार शतक लगाए। इसके जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर सिमट गई, जिससे भारत को 213 रन की बढ़त मिली। इसके बाद श्रीलंका को फॉलोऑन खेलना पड़ा और उसकी दूसरी पारी जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here