नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी ने पिछले दो साल में अंडर-19 क्रिकेट से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी अलग पहचान बनाई है। महज 15 साल और 99 दिन की उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले वैभव ने इस दौरान सात बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। खास बात यह है कि ये रिकॉर्ड उनके सफर के अलग-अलग पड़ावों से जुड़े हैं, जहां उन्होंने अंडर-19 क्रिकेट, टीम इंडिया, आईपीएल और दलीप ट्रॉफी में इतिहास रचा है।
मौजूदा समय में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी दलीप ट्रॉफी 2026 में खेलते नजर आ रहे हैं। वैभव ईस्ट जोन की टीम के उपकप्तान हैं। सेमीफाइनल मुकाबले में सोमवार को सेंट्रल जोन के खिलाफ उन्होंने 81 गेंद पर 92 रन की तूफानी पारी खेली। इस पारी में वह शतक से चूके लेकिन उन्होंने 57 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। वह दलीप ट्रॉफी में फिफ्टी लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने।
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले दो साल में सात बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। टी20 क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुके वैभव अब रेड बॉल क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने 2026 में वनडे फॉर्मेट में भी अपने खेल का दम दिखाया है। यही वजह है कि वह इस साल अब तक सभी प्रारूपों को मिलाकर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों में सबसे आगे हैं।
पिछले 2 साल में वैभव ने बनाए ये 7 बड़े रिकॉर्ड
- अंडर 19 टेस्ट के सबसे युवा शतकवीर: 13 साल 187 दिन
- अंडर 19 वनडे के सबसे युवा शतकवीर: 14 साल 100 दिन
- आईपीएल के सबसे युवा शतकवीर: 14 साल 32 दिन
- सैयद मुश्ताक अली के सबसे युवा शतकवीर: 14 साल 250 दिन
- टी20 इंटरनेशनल में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज: 15 साल 118 दिन
- दलीप ट्रॉफी में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज: 15 साल 157 दिन
- सबसे कम उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाले भारतीय पुरुष क्रिकेटर: 15 साल 121 दिन
वैभव सूर्यवंशी ने साल 2026 में अब तक सभी प्रारूपों को मिलाकर इंडिया अंडर-19, इंडिया ए, भारतीय टीम, राजस्थान रॉयल्स और दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के लिए खेलते हुए 41 मैचों की 41 पारियों में 2022 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके नाम तीन शतक और 14 अर्धशतक दर्ज हैं। वैभव ने 2026 में अब तक कुल 179 चौके और 161 छक्के लगाए हैं। आईपीएल 2026 में ही उन्होंने 72 छक्के जड़कर एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया था।


