नई दिल्ली : क्रिकेट में अक्सर खिलाड़ियों की सैलरी और कमाई को लेकर चर्चा होती है। भारत में क्रिकेटरों को सबसे ज्यादा कमाई करने वाले एथलीटों में गिना जाता है, लेकिन खेल में अंपायरों की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। टेस्ट मैच में अंपायरों को पूरे पांच दिन मैदान पर रहकर लंबे समय तक मैच का संचालन करना होता है। वनडे में भी उन्हें पूरे 100 ओवर के मुकाबले के दौरान मैदान पर अपनी जिम्मेदारी निभानी होती है। ऐसे में आपके मन में यह सवाल जरूर आता होगा कि क्रिकेट अंपायरों को कितनी सैलरी या मैच फीस मिलती है और अलग-अलग प्रारूपों में उनकी कमाई कितनी होती है।
क्रिकेट में अंपायरों की भी कई अलग-अलग श्रेणियां होती हैं। हर देश के क्रिकेट बोर्ड के पास अपना एलीट अंपायर पैनल होता है, जबकि कुछ अंपायर आईसीसी की एलीट सूची का हिस्सा होते हैं और उन्हें अक्सर अंतरराष्ट्रीय व आईसीसी टूर्नामेंटों में अंपायरिंग करते देखा जाता है। इसके अलावा घरेलू क्रिकेट और विभिन्न घरेलू टी20 लीग के लिए भी अलग अंपायर पैनल होते हैं। इसी वजह से अंपायरों की सैलरी और मैच फीस उनकी श्रेणी और अनुभव के आधार पर अलग-अलग होती है। अंपायर से कमेंटेटर और डिजिटल इन्फ्लुएंसर बने अनिल चौधरी ने एक पॉडकास्ट में इस विषय पर विस्तार से जानकारी दी थी। साल 2025 में अंपायरिंग छोड़ने वाले चौधरी ने बताया था कि एक अंपायर आईपीएल के एक सीजन से करीब 45 से 50 लाख रुपये तक कमा सकता है।
अनिल चौधरी के मुताबिक आईपीएल में कितनी सैलरी पाते हैं अंपायर?
| टूर्नामेंट | फीस (USD) |
|---|---|
| आईपीएल – प्रति मैच | 4,000 डॉलर |
| आईपीएल – प्लेऑफ | 6,000 डॉलर |
| आईपीएल – फाइनल | 8,000 डॉलर |
टेस्ट, टी20 और घरेलू क्रिकेट में मिलती कितनी सैलरी?
| प्रारूप/टूर्नामेंट | फीस |
|---|---|
| टेस्ट मैच | 8 लाख रुपये |
| टी20 इंटरनेशनल मैच | 2 लाख रुपये |
| घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट | 20–25 लाख रुपये |
अनिल चौधरी ने यह भी स्पष्ट किया था कि मैच पूरा हो या किसी कारण से खेल संभव न हो, अंपायरों को उनकी पूरी मैच फीस दी जाती है। उदाहरण के तौर पर, अगर टेस्ट, टी20 अंतरराष्ट्रीय या वनडे मुकाबला बारिश के कारण बाधित हो जाए और खेल नहीं हो सके, तब भी अंपायरों की फीस में कटौती नहीं की जाती। यानी मैच का आयोजन हो या मुकाबला बिना एक भी गेंद खेले रद्द हो जाए, अंपायरों को निर्धारित पूरी मैच फीस मिलती है।
वहीं, आईपीएल, द फेडरल और लाइवमिंट की रिपोर्ट्स के आधार पर आईसीसी और बीसीसीआई के एलीट पैनल के अंपायरों के साथ-साथ थर्ड अंपायर और फोर्थ अंपायर की फीस से जुड़ी जानकारी सामने आती है। हालांकि, वनडे इंटरनेशनल में अंपायरों की मैच फीस के आधिकारिक आंकड़े स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं हैं। विभिन्न रिपोर्ट्स में मिली जानकारी के अनुसार, वनडे इंटरनेशनल में अंपायरों को प्रति मैच करीब 2.5 से 3 लाख रुपये तक की फीस मिलने का अनुमान है।
| अंपायर/श्रेणी | फीस |
|---|---|
| आईपीएल थर्ड/फोर्थ अंपायर | 1.5–2 लाख रुपये प्रति मैच |
| BCCI डॉमेस्टिक एलीट पैनल अंपायर | 40–60 हजार रुपये प्रतिदिन |
| BCCI डॉमेस्टिक रेगुलर अंपायर | 20–30 हजार रुपये प्रतिदिन |
| ICC इंटरनेशनल पैनल अंपायर | 35 हजार–1.5 लाख रुपये प्रति मैच |
| ICC एलीट पैनल अंपायर | 60 लाख–1.7 करोड़ रुपये प्रति साल |


