नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल में सेंट्रल जोन के खिलाफ दोनों पारियों में शानदार बल्लेबाजी की। पहली पारी में 81 गेंदों पर 92 रन बनाने के बाद दूसरी पारी में भी वैभव ने आक्रामक अंदाज दिखाते हुए 43 गेंदों पर 40 रन बनाए। ईस्ट जोन की दूसरी पारी के 14वें ओवर में उन्होंने यश ठाकुर के खिलाफ चार गेंदों पर 18 रन ठोक दिए और अपने इरादे साफ कर दिए। हालांकि, वह दूसरी पारी में अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। दोनों पारियों को मिलाकर वैभव ने 124 गेंदों पर कुल 132 रन बनाए।
हालांकि, इसी ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने अपना विकेट भी गंवाया। इस ओवर की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी ने चौके साथ की थी। फिर दूसरी गेंद पर उन्होंने छक्का लगा दिया। फिर बैक टू बैक दो और चौके सूर्यवंशी ने यश के खिलाफ जड़े। इस तरह कुल 4 गेंद पर उन्होंने 18 रन ठोके। फिर पांचवीं गेंद उन्होंने डॉट खेली और आखिरी गेंद पर सेंट्रल जोन के कप्तान रजत पाटीदार ने बेहतरीन कैच पकड़ा और वैभव 40 रन बनाकर आउट हुए।
पहली पारी में सात चौके और सात छक्कों की मदद से 92 रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी ने दूसरी पारी में भी तीन चौके और दो छक्के लगाए। इस तरह उन्होंने दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले सेमीफाइनल में ईस्ट जोन के लिए कुल 132 रन का अहम योगदान दिया। वैभव इस मुकाबले में ईस्ट जोन के उपकप्तान भी हैं। पहली पारी में अर्धशतक पूरा करते ही उन्होंने 57 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर दलीप ट्रॉफी में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया था। अगर वह दूसरी पारी में भी अर्धशतक पूरा कर लेते, तो एक और खास उपलब्धि अपने नाम कर सकते थे, लेकिन महज 10 रन से चूक गए। पहली पारी में भी वैभव शतक के बेहद करीब पहुंचकर 92 रन पर आउट हो गए थे।
ईस्ट जोन को मिला 159 रन का टारगेट
इस मुकाबले के तीसरे दिन सेंट्रल जोन की टीम दूसरी पारी में 158 रन पर ऑलआउट हो गई। इससे पहले दोनों टीमों ने पहली पारी में 266-266 रन बनाए थे, जिसके बाद ईस्ट जोन को फाइनल में पहुंचने के लिए 159 रन का लक्ष्य मिला। वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने पहली पारी में 161 रन की शानदार ओपनिंग साझेदारी की थी। अब दूसरी पारी में भी दोनों बल्लेबाजों ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाते हुए 61 रन जोड़े और लक्ष्य का पीछा आसान बनाने की कोशिश की।


