दलीप ट्रॉफी में शमी का ऑलराउंड कमाल, 5 विकेट के बाद लपका हैरतअंगेज कैच

0

नई दिल्ली : मोहम्मद शमी भले ही लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में उनका शानदार प्रदर्शन लगातार देखने को मिला है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी, रणजी ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी के बाद दलीप ट्रॉफी में भी शमी ने अपनी गेंदबाजी का दम दिखाया। सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने दोनों पारियों को मिलाकर कुल 32 ओवर गेंदबाजी की और 98 रन देकर पांच विकेट झटके। दूसरी पारी में शमी ने गेंदबाजी के साथ फील्डिंग में भी अपनी जबरदस्त फुर्ती दिखाई और एक ऐसा शानदार कैच पकड़ा, जिसने उनकी फिटनेस को भी साबित किया।

ईस्ट जोन के लिए सेमीफाइनल मुकाबले में मोहम्मद शमी ने टीम के लिए सबसे ज्यादा ओवर गेंदबाजी की। जहां चयनकर्ता लंबे समय से उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठाते रहे हैं, वहीं 2023 विश्व कप के हीरो शमी ने एक बार फिर मैदान पर अपनी फिटनेस और फुर्ती का शानदार प्रदर्शन किया। सेंट्रल जोन के हर्ष दुबे का कैच शमी ने अपनी ही गेंद पर एक हाथ से बेहद शानदार अंदाज में लपका। इस दौरान उनकी जबरदस्त फुर्ती देखने को मिली। शमी के इस शानदार कैच का वीडियो बीसीसीआई डोमेस्टिक ने अपने एक्स हैंडल पर भी साझा किया।

मोहम्मद शमी ने सेंट्रल जोन के खिलाफ इस सेमीफाइनल मुकाबले की पहली पारी में 16 ओवर गेंदबाजी करते हुए 42 रन दिए और दो विकेट झटके। इसके बाद दूसरी पारी में भी उन्होंने 16 ओवर का स्पेल डाला, जिसमें 56 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। इस तरह शमी ने दोनों पारियों में कुल पांच विकेट लेकर ईस्ट जोन की ओर से शानदार प्रदर्शन किया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

मार्च 2025 से इंटरनेशनल क्रिकेट में नहीं उतरे शमी

मोहम्मद शमी ने 2023 वनडे विश्व कप में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ छह मैचों में 19 विकेट झटके थे और टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। इसके बाद वह चोट के कारण मैदान से बाहर हो गए, लेकिन चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में उन्होंने दमदार वापसी करते हुए नौ विकेट अपने नाम किए। हालांकि, इसके बाद शमी की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी नहीं हो सकी। उन्होंने आईपीएल में हिस्सा लिया और घरेलू क्रिकेट में भी लगातार खेलते नजर आए, लेकिन चयनकर्ताओं ने उनकी फिटनेस को लेकर चिंता जताते हुए उन्हें टीम इंडिया में शामिल नहीं किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here