चाइना मास्टर्स में भारत की कमान संभालेंगे लक्ष्य सेन, उन्नति हुड्डा पर भी नजर

0

नई दिल्ली : विश्व चैंपियनशिप में शुरुआती दौर में ही बाहर होने की निराशा को पीछे छोड़ते हुए लक्ष्य सेन मंगलवार से शुरू होने वाले चाइना मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे। हालांकि, सेन के लिए टूर्नामेंट की शुरुआत आसान नहीं रहने वाली है। उन्हें पहले ही दौर में कड़ी चुनौती का सामना करना होगा, जहां उनका मुकाबला फ्रांस के मौजूदा विश्व चैंपियन एलेक्स लैनियर से होगा।

श्रीकांत भी पेश करेंगे मजबूत चुनौती

जून में यूएस ओपन सुपर 300 के फाइनल में पहुंचने वाले किदांबी श्रीकांत पहले मैच में चीनी ताइपे के ची यु-जेन का सामना करेंगे। इस सत्र में उनका प्रदर्शन उतार चढ़ाव वाला रहा है। कनाडा ओपन में चोट के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा, जिसके बाद कोरिया मास्टर्स में भी वे पहले ही दौर में बाहर हो गए। पुरुष डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी से भारत को काफी उम्मीद होगी। सात्विक और चिराग ने इस साल की शुरुआत में सिंगापुर ओपन जीतकर दो साल का अंतरराष्ट्रीय खिताब का इंतजार खत्म किया। वे चीन के हू के युआन और लिन जियांग यी के विरुद्ध अपना पहला मैच खेलेंगे।

महिला सिंगल्स में इन शटलर्स से रहेंगी बड़ी उम्मीदें

महिला एकल में भारत की नजरें तीन युवा खिलाड़ियों उन्नति हुड्डा, तन्वी शर्मा और देविका सिंहाग के प्रदर्शन पर रहेंगी। रोहतक की 18 वर्षीय उन्नति का पहले दौर में पांचवीं वरीयता प्राप्त चीन की हान यू से मुकाबला होगा। वहीं, तन्वी शर्मा डेनमार्क की अमाली शुल्ज और देविका सिंहाग बुल्गारिया की कालोयाना नलबंतोवा के खिलाफ कोर्ट पर उतरेंगी। पुरुष युगल में हरिहरन आमसकारुनन और एमआर अर्जुन की जोड़ी के सामने भी कड़ी चुनौती होगी। उनका सामना आठवीं वरीयता प्राप्त जापानी जोड़ी ताकुरो होकी और युगो कोबायाशी से होगा, जो 2021 के विश्व चैंपियन रह चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here