नई दिल्ली : दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले सेमीफाइनल में मंगलवार, 1 सितंबर को ईस्ट जोन ने सेंट्रल जोन को चार विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। मुकेश कुमार और मोहम्मद शमी की शानदार गेंदबाजी के दम पर ईस्ट जोन ने सेंट्रल जोन की दूसरी पारी को 158 रन पर समेट दिया। इसके बाद ईस्ट जोन के सामने जीत के लिए 159 रन का लक्ष्य था, जिसे टीम ने छह विकेट गंवाने के बाद हासिल कर लिया।
वैभव सूर्यवंशी और इशान किशन ने छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पारियां खेलकर ईस्ट जोन की जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं, सेंट्रल जोन के लिए हर्ष दुबे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके और 159 रन के छोटे लक्ष्य को भी मुश्किल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अब फाइनल में ईस्ट जोन का सामना दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। दूसरा सेमीफाइनल नॉर्थ जोन और साउथ जोन के बीच खेला जाएगा।
ईस्ट जोन की शानदार बल्लेबाजी
ईस्ट जोन के लिए वैभव सूर्यवंशी 40 और इशान किशन ने नाबाद 39 रन बनाए। अभिमन्यु ईश्वरन ने 24 और कुमार कुशाग्र ने 22 रन बनाए। सुदीप कुमार घरामी ने 14 और विराट सिंह ने 12 रन बनाए। मोहम्मद शमी 8 रन बनाकर नाबाद रहे। अनुकूल रॉय बगैर खाता खोले आउट हुए। सेंट्रल जोन के लिए हर्ष दुबे ने 4 विकेट जटके। सारांश जैन और यश ठाकुर ने 1-1 विकेट लिए।
सेंट्रल जोन की पारी का ऐसा रहा हाल
इससे पहले सेंट्रल जोन के लिए अमन मोखाड़े ने 41, अरशद खान ने 25, हर्ष दुबे ने 24 और रिंकू सिंह ने 20 रन बनाए। ईस्ट जोन के लिए मुकेश कुमार ने 4 विकेट झटके। मोहम्मद शमी ने 3 विकेट लिए। अभिजित के सरकार, अनुकूल रॉय और मोहम्मद कुनैन कुरैशी ने 1-1 विकेट लिए।


