नई दिल्ली : इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद अब फ्रेंचाइजी क्रिकेट का रुख कर लिया है। एडिलेड स्ट्राइकर्स के साथ करार के बाद वह बिग बैश लीग (बीबीएल) के इतिहास में सबसे महंगे खिलाड़ी बनने की दहलीज पर हैं। स्टोक्स पूरे 2026-27 सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगे और पिछले सप्ताह नए कॉन्ट्रैक्टिंग स्ट्रक्चर लागू होने के बाद बीबीएल से जुड़ने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। लीग ने इस सीजन से खिलाड़ियों को साइन करने के लिए डायरेक्ट-साइनिंग मॉडल को फिर से अपनाया है।
मॉडल की वापसी से बेन स्टोक्स जैसे खिलाड़ियों पर पैसों की बरसात हो सकती है। 7न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक उनकी डील 500,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 3.42 करोड़ रुपये) के आस-पास है, जो ड्राफ्ट के प्लैटिनम लेवल पर पिछला सबसे बड़ा करारा 420,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर से काफी ज्यादा है। आने वाले हफ्तों में दूसरे विदेशी खिलाड़ियों को भी अच्छी रकम मिल सकती है।
एक साल के लिए स्ट्राइकर्स के हुए बेन स्टोक्स
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्टोक्स को अपने साथ जोड़ने में कई बीबीएल क्लबों ने दिलचस्पी दिखाई थी, लेकिन स्ट्राइकर्स ने एक साल का डील पक्का किया है। इसके कोच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान टिम पेन हैं, जो 2019 में हेडिंग्ले में स्टोक्स की चमत्कारिक पारी के समय ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम की कप्तानी कर रहे थे।
डरहम के लिए बेन स्टोक्स ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
कुछ महीने पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ ट्रेंटब्रिज टेस्ट के दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट से अचानक संन्यास लेने के बाद से स्टोक्स ने डरहम के लिए सभी फॉर्मेट में बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन किया है। काउंटी चैंपियनशिप में उनका बल्ले से औसत 63.60 और लिस्ट ए क्रिकेट में 41.14 रहा है।
2023 से टी20 नहीं खेले
बेन स्टोक्स ने आखिरी बार 2015 की शुरुआत में बिग बैश लीग में हिस्सा लिया था। इसके बाद उन्होंने 2023 आईपीएल के बाद से कोई टी20 मैच नहीं खेला, जहां वह चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा थे। हालांकि, 2024 में उन्होंने द हंड्रेड के कुछ मुकाबलों में जरूर हिस्सा लिया था। स्टोक्स ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने से काफी पहले ही व्हाइट-बॉल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। ऐसे में उनका ऑस्ट्रेलिया पहुंचना न केवल मीडिया की दिलचस्पी बढ़ाएगा, बल्कि एडिलेड स्ट्राइकर्स और पूरे बीबीएल के लिए भी इसे बड़ा आकर्षण माना जा रहा है।


