नई दिल्ली : दलीप ट्रॉफी 2026 के दूसरे सेमीफाइनल की दूसरी पारी में नॉर्थ जोन ने 297 रन बनाए और पहली पारी की बढ़त के आधार पर साउथ जोन के सामने जीत के लिए 181 रन का लक्ष्य रखा। अब तिलक वर्मा की कप्तानी वाली साउथ जोन को फाइनल में जगह बनाने के लिए 181 रन बनाने होंगे। इस मुकाबले की विजेता टीम फाइनल में इशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन से भिड़ेगी, जो पहले ही फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है।
इस मैच में नॉर्थ जोन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था और फिर इस टीम ने पहली पारी में 195 रन बनाए। इसके जवाब में साउथ जोन की टीम ने पहली पारी में 312 रन बनाए और इस टीम को 117 रन की बढ़त मिली। इसके बाद नॉर्थ जोन ने दूसरी पारी में 297 रन बनाए और इस टीम को 180 रन की लीड मिली और साउथ जोन को जीत के लिए 180 रन का टारगेट मिला।
सनत-आयुष ने जड़े शानदार अर्धशतक
नॉर्थ जोन के लिए दूसरी पारी में सनत सांगवान ने 8 चौकों की मदद से 76 रन की पारी खेली जबकि आयुष दोसेजा ने 76 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 52 रन बनाए। निशांत सिंधू ने नाबाद 35 रन की पारी खेली जबकि अंशुल कंबोज ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों पर 2 छक्के और 4 चौकों की मदद से 36 रन बनाए। कप्तान कन्हैया वाधवन ने 14 रन बनाए जबकि आयुष बदोनी ने 31 रन की पारी खेली। साउथ जोन के लिए दूसरी पारी में एमडी निधीश ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए।
तिलक वर्मा ने ठोका शानदार शतक
साउथ जोन की तरफ से पहली पारी में कप्तान तिलक वर्मा ने शानदार पारी खेली थी और उन्होंने 9 चौकों की मदद से नाबाद 116 रन बनाए थे जबकि श्रेयस गोपाल ने 87 रन की अहम पारी खेली थी। एन जगदीशन ने 36 रन बनाए थे तो वहीं स्मरण रविचंद्रन ने 27 रन की पारी खेली थी। नॉर्थ जोन के लिए पहली पारी में कामरान इकबाल ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए थे। पहली पारी में साउथ जोन के लिए विध्वत कावेरप्पा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए थे जबकि नॉर्थ जोन के लिए गुरनूर बरार ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके थे।


