नई दिल्ली : भारत के लक्ष्य सेन के लिए चाइना मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट का आगाज निराशाजनक रहा। बुधवार, 2 सितंबर 2026 को शेनझेन में खेले गए मुकाबले में उन्हें पहले दौर में ही कनाडा के विक्टर लाई के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। विश्व चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य पूरे मुकाबले में लगातार गलतियां करते नजर आए और विश्व रैंकिंग में नौवें स्थान पर काबिज विक्टर लाई ने उन्हें महज 38 मिनट में 21-14, 21-7 से हरा दिया। हालांकि, भारतीय फैंस के लिए राहत की बात रही कि किदांबी श्रीकांत ने जीत दर्ज कर टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बना ली।
विक्टर लाई के खिलाफ तीसरी बार हारे लक्ष्य सेन
विक्टर लाई ने पिछले महीने विश्व चैंपियनशिप में अपना दूसरा कांस्य पदक जीता था। चाइना मास्टर्स में मिली हार लक्ष्य सेन की इस कनाडाई खिलाड़ी के खिलाफ तीसरी शिकस्त है। हालांकि, लक्ष्य ने इसी साल मार्च में ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के दौरान विक्टर लाई को हराकर उनके खिलाफ अपनी एकमात्र जीत दर्ज की थी। भारत के अनुभवी खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने हालांकि पुरुष एकल के एक अन्य मैच में चीनी ताइपे के ची यू जेन को 21-16 21-15 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। भारत की मिश्रित युगल (मिक्स्ड डबल्स) जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो ने भी थाइलैंड के टोन्नाकोर्न साएहेंग और टोनिचा साएहेंग को 21-8 21-9 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
लक्ष्य सेन का मुश्किल दौर जारी, फिर मिली हार
लक्ष्य सेन के लिए पिछले कुछ सप्ताह मुश्किल भरे रहे हैं। नई दिल्ली में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में भी वह शुरुआती दौर में ही बाहर हो गए थे। चाइना मास्टर्स में विक्टर लाई के खिलाफ मुकाबले में भी उन्हें शुरुआत से ही संघर्ष करना पड़ा और उनकी लगातार गलतियों का कनाडाई खिलाड़ी ने पूरा फायदा उठाया। पहले गेम में लक्ष्य ने 4-0 की शुरुआती बढ़त जरूर बनाई, लेकिन विक्टर लाई ने जल्द ही वापसी करते हुए गेम पर नियंत्रण हासिल कर लिया।
विक्टर लाई ने लक्ष्य सेन को लय हासिल नहीं करने दी और आसानी से पहला गेम अपने नाम कर दिया। लक्ष्य सेन दूसरे गेम में भी किसी भी समय लय में नहीं दिखे और उनकी निराशा बढ़ती गई, क्योंकि विक्टर लाई लगातार दबाव बनाए रखकर उन्हें गलतियां करने के लिए मजबूर करते रहे। लक्ष्य सेन इंटरवल तक 4-11 से पीछे थे और वापसी करने में नाकाम रहे, जिससे कनाडाई खिलाड़ी ने बिना किसी परेशानी के मैच अपने नाम किया। अन्य भारतीयों में पुरुष युगल (मेंस डबल्स) में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी और महिला एकल (विमेंस सिंगल्स) खिलाड़ी तन्वी शर्मा और देविका सिहाग दिन में बाद में खेलेंगे।


