नई दिल्ली : अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया जा चुका है। एशिया कप 2026 को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने इस सीरीज के लिए मजबूत भारतीय टीम चुनी है और इसे आगामी टूर्नामेंट की तैयारियों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। हालांकि, अफगानिस्तान के खिलाफ घोषित 15 सदस्यीय भारतीय टीम में चार ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जो फिलहाल पूरी तरह फिट नहीं हैं। ऐसे में इन खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर टीम प्रबंधन की चिंता बढ़ सकती है।
नितीश रेड्डी को रिप्लेस कर सकते हैं सूर्यांश शेडगे
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह और हर्षित राणा ऐसे चार खिलाड़ी हैं जो पूरी तरह से फिट नहीं हैं और ये सभी बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं। अगर ये सभी फिट हो जाते हैं तभी अफगानिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे, लेकिन अगर फिट नहीं होते हैं तो इनकी जगह किन खिलाड़ी को भारतीय टी20 टीम में शामिल किया जा सकता है इसके बारे में पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने बताया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में चार खिलाड़ियों—नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह और हर्षित राणा—के खेलने की फिलहाल कोई गारंटी नहीं है। अगर ये खिलाड़ी समय पर पूरी तरह फिट नहीं हो पाते हैं, तो नितीश कुमार रेड्डी की जगह सूर्यांश शेडगे को भारतीय टीम में शामिल किया जा सकता है। वहीं, जसप्रीत बुमराह और हर्षित राणा के उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में प्रिंस यादव और गुरनूर बरार को एक बार फिर टी20 टीम में मौका मिल सकता है।
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारत की टीम:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा।


