अकरम नंबर-1, जहीर की भी एंट्री; ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर की ऑल-टाइम लेफ्ट-आर्म पेसर रैंकिंग

0

नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज डेमियन फ्लेमिंग ने ऑल-टाइम टॉप-5 बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों की सूची तैयार की है। अपनी इस फेहरिस्त में उन्होंने भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान को भी शामिल किया, हालांकि उन्हें टॉप-3 में जगह नहीं मिली। फ्लेमिंग ने जहीर को पांचवें स्थान पर रखा और इसके पीछे की वजह भी बताई। वहीं, पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम को उन्होंने अपनी सूची में नंबर-1 स्थान दिया।

जहीर खान को पांचवें पायदान पर रखा

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डेमियन फ्लेमिंग ने कहा कि मैं 5वें स्थान पर जहीर खान को चुन रहा हूं। उनके रिकॉर्ड की वजह से ही मैंने उन्हें इस लिस्ट में जगह दी। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और मुझे लगता है कि साउथ अफ्रीका में भी उनका प्रदर्शन काफी शानदार रहा था जबकि कई अन्य गेंदबाजों का वहां प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। घरेलू मैदान की तुलना में जहीर खान का प्रदर्शन विदेशी धरती पर ज्यादा बेहतर रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फ्लेमिंग ने कहा कि पुरानी गेंद से वसीम अकरम से बाद जहीर खान से ज्यादा बेहतर रिवर्स स्विंग किसी भी गेंदबाज ने नहीं कराई। हमें ऑस्ट्रेलिया में उनकी इसकी झलक देखी थी और जहीर बहुत ही शानदार गेंदबाज थे।

फ्लेमिंग ने अपनी ऑल-टाइम टॉप-5 बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों की सूची में मिचेल जॉनसन को चौथे, मिचेल स्टार्क को तीसरे और एलन डेविडसन को दूसरे स्थान पर रखा। वहीं, पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाज वसीम अकरम को उन्होंने नंबर-1 पायदान दिया, जिन्हें ‘सुल्तान ऑफ स्विंग’ के नाम से भी जाना जाता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वसीम अकरम की तारीफ करते हुए फ्लेमिंग ने कहा कि ऐसा कोई काम नहीं था जो वह नहीं कर सकते थे। उनके पास शानदार गति थी और वह नई तथा पुरानी दोनों गेंदों को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता रखते थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फ्लेमिंग के मुताबिक, अकरम को नंबर-1 चुनने की सबसे बड़ी वजह यही थी कि उनके पास गेंदबाजी का हर तरह का हुनर मौजूद था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here