- 32वीं रिलायंस ट्रॉफी इंटर प्रेस टेबल–टेनिस प्रतियोगिता 2026
स्पोर्ट्स रिपोर्टर। भोपाल। 32वीं रिलायंस ट्रॉफी इंटर प्रेस टेबल–टेनिस टूर्नामेंट में मोहन द्विवेदी ने ट्रिपल क्राउन जीते। उन्होंने सिंगल के अलावा रामकृष्ण यदुवंशी के साथ मिलकर डबल्स खिताब भी जीता। वे ओपन ग्रुप में भी चैम्पियन बने। वहां उन्होंने सचिन मदनानी को साथ लेकर तीसरा खिताब अपने नाम किया । महिला सिंगल में मेघा और ओपन सिंगल में प्रदीप अय्यर ने खिताब अपने नाम किए।
भोपाल खेल पत्रकार संघ के तत्वावधान में टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित इस टूर्नामेंट शहर के 80 से ज्यादा मीडिया से जुड़े खिलाड़ियों ने भागीदारी की। दूसरे व आखिरी दिन फाइनल मुकाबले खेले गए। महिला सिंगल के फाइनल में मेघा ने खुशबू को 11–8, 11–7 से हराकर खिताब जीता। इसी तरह ओपन सिंगल में प्रदीप अय्यर ने अभिषेक श्रीवास्तव को 11–7, 11–9 से हराया। ओपन डबल्स के फाइनल में मोहन द्विवेदी और सचिन मदनानी ने प्रदीप अय्यर–रामकृष्ण यदुवंशी को 11–9, 9–11, 11–8 से हराया। स्पोर्ट्स ग्रुप के डबल्स फाइनल में मोहन द्विवेदी– रामकृष्ण यदुवंशी ने दामोदर प्रसाद आर्य– जीतू बागरे को 8–11, 11–9, 14–12 से हराया।
स्पोर्ट्स ग्रुप के सिंगल फाइनल में मोहन द्विवेदी ने सचिन मदनानी को 11–8, 11–7 से हराकर तीसरा खिताब जीता। प्रतियोगिता का समापन व पुरस्कार वितरण ज्वाइंट डायरेक्टर खेल बालू सिंह यादव, यूज लोकेटर के डायरेक्टर फैसल मीर खान, अस्सिटेंट डायरेक्टर खेल प्रदीप अस्टैया, अक्षत शर्मा, अभय चतुर्वेदी और आयोजन संरक्षक मृगेंद्र सिंह ने किया।


