250 रन ठोककर इशान किशन रिटायर्ड हर्ट, दलीप ट्रॉफी में अब रिकॉर्ड पर नजर

0

नई दिल्ली : दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में साउथ जोन के खिलाफ ईस्ट जोन के कप्तान इशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 250 रन पूरे किए। इसके बाद वह रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। चेन्नई की गर्मी में लंबे समय तक बल्लेबाजी करने के कारण इशान थकान महसूस कर रहे थे। 131वें ओवर की पहली गेंद के बाद वह परेशानी में नजर आए, जिसके बाद फिजियो ने मैदान पर पहुंचकर उनसे बातचीत की और उनकी स्थिति का जायजा लिया।

ईस्ट जोन का स्कोर 650 रन के करीब पहुंच चुका है और ऐसे में इशान किशन के दोबारा बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर लौटने की संभावना कम है। हालांकि, उनके पास ईस्ट जोन के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का करीब 40 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। यह रिकॉर्ड बंगाल के पूर्व क्रिकेटर अरुण लाल के नाम है, जिन्होंने 1986 में वेस्ट जोन के खिलाफ 490 गेंदों पर 287 रन की शानदार पारी खेली थी। ईस्ट जोन के लिए सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर की सूची में अरुण लाल के बाद इशान किशन का नाम आता है। ऐसे में अगर इशान दोबारा बल्लेबाजी के लिए उतरते हैं और 288 रन का आंकड़ा पार कर लेते हैं, तो वह अरुण लाल का रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।

इशान किशन ने सबा करीम को छोड़ा पीछे

इशान 250 या उससे ज्यादा रनों की पारी खेलने वाले ईस्ट जोन के मात्र दूसरे क्रिकेट हैं। अरुण लाल ने दो बार 200 से ज्यादा का स्कोर किया है। सबा करीम ने 1995 में 200 रनों की पारी खेली थी। यानी इशान के नाम बतौर विकेटकीपर ईस्ट जोन के लिए सर्वोच्च स्कोर हो गया है।

301 गेंद खेलकर इशान किशन ने बनाए 250 रन

इशान किशन ने अपनी शानदार पारी में 301 गेंदों का सामना करते हुए 27 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 250 रन बनाए। इस दौरान उन्हें कुमार कुशाग्र और अनुकूल रॉय का अच्छा साथ मिला। कुशाग्र ने 101 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि अनुकूल रॉय ने 45 रन का योगदान दिया। इशान और कुशाग्र के बीच 230 रनों की शानदार साझेदारी हुई, जबकि इशान ने अनुकूल रॉय के साथ मिलकर 140 रन जोड़े। इससे पहले इशान किशन ने शिखर मोहन के साथ भी 94 रनों की साझेदारी की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here