नई दिल्ली : दिग्गज बल्लेबाज केविन पीटरसन ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के साथ दोबारा जुड़ने का फैसला किया है। वह अगले साल होने वाले 50 ओवर के विश्व कप से पहले इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीमों के साथ ‘स्पेशलिस्ट मेंटर’ की भूमिका निभाएंगे। पीटरसन का अंतरराष्ट्रीय करियर करीब 12 साल पहले विवादों के बीच समाप्त हुआ था। अब उनकी वापसी को इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम के लिए अहम माना जा रहा है, जहां वह अपने अनुभव के जरिए खिलाड़ियों को बड़े टूर्नामेंट की तैयारियों में मदद करेंगे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ब्रेंडन मैकुलम के सपोर्ट स्टाफ में केविन पीटरसन की नई भूमिका इसी महीने के अंत में शुरू होगी। श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड की छह मैचों की व्हाइट-बॉल सीरीज के दौरान वह टीम के साथ नजर आएंगे। इस सीरीज में तीन टी20 और तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। पीटरसन इससे पहले इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स के साथ मेंटर की भूमिका निभा चुके हैं। इसके अलावा, 2023 की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान उन्होंने कुछ समय तक इंग्लैंड के बल्लेबाजों के साथ भी काम किया था।
ब्रेंडन मैकुलम के साथ फिर काम करेंगे केविन पीटरसन
यह वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका में होगा, जहां पीटरसन का जन्म हुआ था।। जिम्बाब्वे और नामीबिया भी इसके मेजबान हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ब्रेंडन मैकुलम के कोचिंग सेटअप में पहले से ही मार्कस ट्रेस्कोथिक, टिम साउथी, सारा टेलर और जीतन पटेल शामिल हैं। न्यूजीलैंड से टेस्ट सीरीज हारने के बाद मैकुलम को टेस्ट टीम की कोचिंग से हटा दिया गया था।
पीटरसन ने की मैकुलम के फैसलों की आलोचना
पीटरसन ने 2018 में अपना करियर खत्म होने के बाद से ज्यादातर ब्रॉडकास्टर के तौर पर काम किया है, जब 2025 की शुरुआत में इंग्लैंड ने भारत का दौरा किया था तो उन्होंने मैकुलम के कोच रहते हुए इंग्लैंड की टीम के माहौल की आलोचना की थी। इस आलोचना को मैकुलम ने “तथ्यों के हिसाब से गलत” कहकर खारिज कर दिया था।
केविन पीटरसन के करियर पर एक नजर
केविन पीटरसन के करियर की बात करें तो 104 टेस्ट में 47.28 के औसत से 8181 रन बनाए हैं। इसमें 23 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। 136 वनडे में 40.73 के औसत से 4440 रन बनाए। इसमें 9 शतक और 25 अर्धशतक शामिल हैं। 37 टी20 में उन्होंने 37.93 के औसत और 141.51 के स्ट्राइक रेट से 1176 रन बनाए हैं। उन्होंने 7 शतक लगाए।


