यूएस ओपन में ज्वेरेव-बोटिक और गॉफ-रिबाकिना का जलवा, ओसाका का सफर थमा

0

न्यूयॉर्क : यूएस ओपन 2026 के पुरुष एकल में जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव और नीदरलैंड के बोटिक वैन डे जैंडशुल्प ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। ज्वेरेव ने इटली के लुसियानो डार्डेरी को सीधे सेटों में हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया, जबकि बोटिक ने दो सेट से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए आर्थर गेआ को शिकस्त दी। अब क्वार्टर फाइनल में ज्वेरेव और बोटिक वैन डे जैंडशुल्प आमने-सामने होंगे, जहां दोनों की नजर सेमीफाइनल में जगह बनाने पर होगी।

ज्वेरेव ने 21वीं वरीयता प्राप्त इटली के लुसियानो डार्डेरी को 6-2, 6-2, 7-6(3) से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। जर्मन खिलाड़ी ने अपनी सटीक सर्विस और दमदार बेसलाइन हिटिंग के जरिए पूरे मुकाबले में लगातार दबाव बनाए रखा। डार्डेरी ने तीसरे सेट में पहली सर्विस और ड्रॉप शॉट का इस्तेमाल करते हुए वापसी की कोशिश की, लेकिन ज्वेरेव ने अहम मौकों पर धैर्य बनाए रखा। उन्होंने टाईब्रेक में तीसरा सेट अपने नाम कर मुकाबला जीत लिया।

इस जीत के साथ ज्वेरेव 2026 में सभी चार ग्रैंड स्लैम के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले इकलौते खिलाड़ी बन गए हैं। जीत के बाद ज्वेरेव ने कहा, ‘मुझे लगा कि मेरा स्तर एक जैसा था। उन्होंने तीसरे सेट में बहुत अच्छा खेलना शुरू किया। मैंने मुश्किल से ही किसी को गेंद को इतनी जोर से मारते देखा जितना उन्होंने पूरे सेट में लगातार किया, इसलिए इसका श्रेय उन्हें जाता है।’

दूसरी ओर, बोटिक वैन डे जैंडशुल्प ने आर्थर गेआ के खिलाफ पांच सेट के मुकाबले में शानदार वापसी की। 87वीं रैंकिंग वाले गेआ ने शुरुआती दोनों सेट 6-3, 7-6(0) से जीतकर मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली थी। इसके बाद बोटिक ने लगातार तीन सेट जीतकर मैच का रुख पलट दिया। बोटिक ने तीसरा सेट 7-6(7) से जीता। इस सेट के टाईब्रेक में गेआ मैच पॉइंट तक पहुंच गए थे, लेकिन अहम मौके पर उनकी फोरहैंड वॉली और एक अन्य वॉली में गलती हुई, जिसका फायदा बोटिक ने उठाया।

चौथे सेट में भी गेआ मैच के लिए सर्व करने की स्थिति में पहुंचे, लेकिन वह मुकाबला खत्म नहीं कर सके। बोटिक ने टाईब्रेक 7-6(6) से जीतकर मैच को निर्णायक सेट में पहुंचाया। पांचवें सेट में उन्होंने 6-4 से जीत दर्ज की। यह मुकाबला 5 घंटे 13 मिनट चला और यूएस ओपन इतिहास का चौथा सबसे लंबा पुरुष एकल मुकाबला रहा। 30 वर्षीय बोटिक ने 2021 के बाद एक बार फिर न्यूयॉर्क में अंतिम आठ में जगह बनाई है।

महिला एकल में 2023 की चैंपियन कोको गॉफ ने 18 वर्षीय इवा जोविक को 6-1, 6-4 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। जोविक पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के चौथे दौर तक पहुंची थीं, लेकिन गॉफ के खिलाफ उनका सफर खत्म हो गया। शुरुआत में मुकाबला कुछ हद तक बराबरी का रहा, लेकिन लय हासिल करने के बाद गॉफ ने नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। उन्होंने पहले सेट में जोविक की दो बार सर्विस तोड़ी और सेट 6-1 से जीत लिया।

दूसरे सेट में जोविक ने बेहतर खेल दिखाया और गॉफ पर दबाव बनाने की कोशिश की। हालांकि, अहम मौकों पर गलतियों के कारण वह अपनी सर्विस गंवा बैठीं और गॉफ ने 6-4 से सेट जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। जोविक ने मैच में सिर्फ नौ विनर्स लगाए, जबकि उनके नाम 30 अनफोर्स्ड एरर्स रहे। क्वार्टर फाइनल में गॉफ का सामना मिरा एंड्रीवा से होगा।

इससे पहले एलेना रायबाकिना ने पूर्व चैंपियन नाओमी ओसाका को 6-1, 6-4 से हराकर यूएस ओपन 2026 के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। रायबाकिना ने पहला सेट महज 22 मिनट में अपने नाम किया और पूरे मुकाबले में दमदार बेसलाइन हिटिंग के जरिए ओसाका पर दबाव बनाए रखा। 13वीं वरीयता प्राप्त ओसाका ने दूसरे सेट में आक्रामक शुरुआत करते हुए अपनी सर्विस बचाए रखी, लेकिन सातवें गेम में रायबाकिना ने अहम ब्रेक हासिल कर बढ़त बना ली। मैच के दौरान ओसाका के बाएं पैर में भी परेशानी हुई, हालांकि उन्होंने मुकाबले में बने रहने की पूरी कोशिश की। रायबाकिना ने आखिरकार दूसरा सेट 6-4 से जीतकर 66 मिनट में मैच समाप्त किया। इस हार के साथ 2018 और 2020 की यूएस ओपन चैंपियन ओसाका का तीसरी बार खिताब जीतने का सपना टूट गया। अब रायबाकिना का सामना क्वार्टर फाइनल में ओलंपिक चैंपियन झेंग किनवेन से होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here