नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज से पहले भारत की अंडर-19 टीम में बदलाव किया गया है। सौराष्ट्र के आर्यन सावसानी और हरियाणा के तनमय बलोदा को रोहित यादव की जगह टीम में शामिल किया गया है। रोहित यादव को उम्र संबंधी दस्तावेजों की जांच के दौरान गंभीर गड़बड़ियां सामने आने के बाद टीम से बाहर कर दिया गया। आर्यन सावसानी को वनडे टीम में, जबकि तनमय बलोदा को मल्टी-डे टीम में रोहित यादव के स्थान पर शामिल किया गया है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से मंगलवार आठ सितंबर 2026 को जारी बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के मुताबिक, सौराष्ट्र के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज आर्यन सावसानी और हरियाणा के बैटिंग ऑलराउंडर तन्मय बलोदा को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए क्रमशः वनडे और चार-दिवसीय टीम में शामिल किया गया है। ये दोनों खिलाड़ी निलंबित किये गए रोहित यादव की जगह लेंगे।
बंगाल के लेग-स्पिनर रोहित यादव पर पिछले शुक्रवार चार सितंबर को उम्र से जुड़ी गड़बड़ी के कारण दो साल का बैन लगा दिया गया था। यह गड़बड़ी तब सामने आई, जब क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) ने खिलाड़ियों के दस्तावेजों की जांच के लिए सत्र शुरू होने से पहले अभियान चलाया। रोहित यादव को तुरंत भारत की अंडर-19 टीम से बाहर कर दिया गया। बंगाल के लिए आयु वर्ग की क्रिकेट खेल चुके रोहित यादव की उम्र में करीब 27 महीने की गड़बड़ी होने की बात सामने आई है।
CAB ने उम्र संबंधी इसी तरह की गड़बड़ी के चलते 64 अन्य खिलाड़ियों पर भी रोक लगा दी है। इनमें भारत की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे रवि कुमार भी शामिल हैं। रवि कुमार ने 2022 में कैरेबियन में इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया था। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ वनडे सीरीज में भारत की कप्तानी लक्ष्य रायचंदानी करेंगे, जबकि यशवर्धन चौहान उपकप्तान होंगे। मल्टी-डे मैचों में दोनों की जिम्मेदारी बदल जाएगी। यशवर्धन चौहान कप्तान और लक्ष्य रायचंदानी उपकप्तान होंगे।
वनडे टीम में पूर्व भारतीय कप्तान वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को भी शामिल किया गया है। अन्वय द्रविड़ जुलाई में श्रीलंका दौरे पर गई भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा थे और उन्होंने दूसरे वनडे में 87 रन की शानदार पारी खेली थी। वह राजत बघेल के साथ टीम में शामिल दो विकेटकीपरों में से एक हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के बीच तीन वनडे मुकाबले 18, 21 और 23 सितंबर को खेले जाएंगे। इसके बाद दो चार दिवसीय मुकाबले होंगे। पहला मैच 27 से 30 सितंबर और दूसरा 5 से 8 अक्टूबर तक खेला जाएगा। दूसरे चार दिवसीय मुकाबले को छोड़कर सभी मैच राजकोट में होंगे, जबकि दूसरा चार दिवसीय मैच अहमदाबाद में आयोजित किया जाएगा।
भारत की अंडर-19 वनडे टीम
लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशबर्धन चौहान (उप-कप्तान), रजत बघेल (विकेटकीपर), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), वी यशवीर, शाविन विनोद, मोहित उल्वा, चिगुरुपति वेंकट, काव्या पटेल, आर्यन सवसानी।
भारत की अंडर-19 चार दिवसीय टीम
यशबर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उप-कप्तान), सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), अभिप्राय विश्वास (विकेटकीपर), इशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा, आर्यन यादव, तन्मय बलोदा।


