नई दिल्लीः मौजूदा चैंपियन स्पेन के कार्लोस अलकराज ने शानदार जीत दर्ज करते हुए यूएस ओपन 2026 के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। मेजबान अमेरिका के दर्शकों के लिए दिन मिला-जुला रहा। टॉमी पॉल और टेलर टाउनसेंड को हार का सामना करना पड़ा, जबकि फ्रांसिस टियाफो और एलेक्स मिचेल्सन ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। शाम के मुकाबलों में बेन शेल्टन के अलावा महिला एकल में जेसिका पेगुला और एमा नवारो ने भी जीत हासिल कर क्वार्टर फाइनल की राह मजबूत की।
कलाई की चोट के चलते लगभग पांच महीने बाहर बैठने के बाद वापसी कर रहे अलकराज 20वीं वरीयता प्राप्त अमेरिका के टॉमी पॉल पर पूरी तरह से हावी रहे। आर्थर ऐश स्टेडियम में अपना मुकाबला 6-4, 6-3, 6-4 से जीतने के बाद उन्होंने कहा कि मैं अपना मौजूदा स्तर देखकर बहुत खुश हूं। टॉमी को हराना हमेशा यह जानने का एक अच्छा तरीका होता है कि आप किस स्तर पर हैं, और आज मैंने जो कुछ भी किया है, उससे मैं बहुत खुश हूं। मैंने खेल को बहुत अच्छी तरह समझा—हर पल मुझे क्या करना था और सही चीजों का इस्तेमाल कैसे करना था। उम्मीद है कि मैं इसी तरह आगे भी खेलता रहूंगा।
अपने तीसरे यूएस ओपन खिताब की तलाश में उतरे कार्लोस अलकराज ने मुकाबले में अपने फोरहैंड शॉट्स का बेहद सटीक इस्तेमाल किया और लगातार दबाव बनाए रखा। उनसे हारने वाले टॉमी पॉल ने मैच के बाद स्वीकार किया कि अलकराज उनके मुकाबले बिल्कुल अलग स्तर पर खेल रहे थे। पॉल ने कहा कि वह इससे बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें लगता है कि अलकराज उस दिन उन्हें हरा ही देते।
अन्य मुकाबलों में आठवीं वरीयता प्राप्त शिल्टन ने स्टेफानोस सितसिपास को 6-2, 6-3, 6-4 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया और अगले राउंड में उन्हें अलकराज का सामना करना है। अंतिम-16 के एक अन्य मुकाबले में टियाफो ने रूस के दानिल मेदवेदेव को 6(1)-7(7), 4-6, 6(6)-7(8) से हराया जबकि मिचेल्सन ने अर्जेंटीना के टॉमस मार्टिन एचवेरी को 7-6(6) 6-4 6-4 से हराया, अगले चरण में ये दोनों अमेरिकी खिलाड़ी आमने-सामने होंगे।
महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में अमेरिका की एम्मा नवारो और जेसिका पेगुला आमने-सामने होंगी। नवारो ने रूस की एना कालिंस्काया को 6-4, 6-2 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई, जबकि उनकी हमवतन जेसिका पेगुला ने सोराना सिर्स्टिया को 6-3, 6-4 से शिकस्त दी। यूएस ओपन के बाद संन्यास लेने जा रहीं सिर्स्टिया के लिए यह मुकाबला आखिरी ग्रैंडस्लैम मैच रहा। अब क्वार्टर फाइनल में दोनों अमेरिकी खिलाड़ियों की भिड़ंत होगी, जिससे सेमीफाइनल में जगह बनाने की देश के भीतर की चुनौती भी तय हो जाएगी।


