नई दिल्ली : दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल की दूसरी पारी में ईस्ट जोन के स्टार सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला साउथ जोन के खिलाफ नहीं चला। वह रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए। पहली पारी में ईस्ट जोन को 372 रन की बड़ी बढ़त मिली थी, ऐसे में वैभव के पास दूसरी पारी में खुलकर बल्लेबाजी करने का अच्छा मौका था, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके और दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। उनके साथ पारी की शुरुआत करने उतरे अभिमन्यु ईश्वरन भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और सस्ते में पवेलियन लौट गए।
दहाई तक नहीं पहुंच सके वैभव सूर्यवंशी
वैभव दूसरी पारी में दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए और वो 16 गेंदों का सामना करते हुए एक चौके की मदद से 8 रन बनाकर आउट हो गए। इस पारी में उनका स्ट्राइक रेट 50.00 का रहा। वैभव को दूसरी पारी में त्रिपुरण विजय ने अपनी गेंद पर विकेट के पीछे एन जगदीशन के हाथों स्टंप आउट करवा दिया। इससे पहले वैभव इस मैच की पहली पारी में 37 गेंदों पर एक छक्का और 5 चौकों की मदद से 44 रन बनाकर आउट हुए थे।
सिराज ने अभिमन्यु को भेजा पवेलियन
दूसरी पारी में वैभव तो नहीं चले साथ ही साथ उनके ओपनिंग पार्टनर अभिमन्यु ईश्वरन का बल्ला भी खामोश रहा। अभिमन्यु ने 13 गेंदों पर 3 रन की पारी खेली और मोहम्मद सिराज की गेंद पर देवदत्त पडिक्कल ने उनका कैच लपक लिया। हालांकि पहली पारी में अभिमन्यु ने अच्छी बल्लेबाजी की थी और उन्होंने 86 गेंदों पर एक छक्का और 10 चौकों की मदद से 72 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली थी। वैभव और अभिमन्यु के बीच इस मैच की पहली पारी में पहले विकेट के लिए 88 गेंदों पर 100 रन की साझेदारी हुई थी।
दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल मुकाबले में साउथ जोन की टीम पहली पारी में 336 रन पर ऑलआउट हो गई, जिससे ईस्ट जोन को 372 रन की बड़ी बढ़त हासिल हुई। साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा शानदार शतक से एक रन दूर रह गए और 99 रन के स्कोर पर आउट हुए। ईस्ट जोन की ओर से मुकेश कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने तीन विकेट अपने नाम किए। इससे पहले ईस्ट जोन ने पहली पारी में इशान किशन के 270 रन और कुमार कुशाग्र के 101 रन की शानदार पारियों के दम पर 708 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। टीम के लिए अभिमन्यु ईश्वरन ने 72, शिखर मोहन ने 85, वैभव सूर्यवंशी ने 44 और अनुकूल रॉय ने 45 रन का योगदान दिया।


