नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज हर्षित राणा पूरी तरह फिट नहीं हो पाने के कारण टी20 टीम से बाहर हो गए हैं। अब वह अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के अलावा एशियन गेम्स 2026 में भी नहीं खेल पाएंगे। हर्षित को पहले दोनों टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था, लेकिन समय पर फिटनेस हासिल नहीं कर पाने के चलते चयनकर्ताओं ने उन्हें बाहर करने का फैसला लिया। उनकी जगह 27 वर्षीय तेज गेंदबाज यश ठाकुर को टीम इंडिया में शामिल किया गया है। यश ठाकुर ने घरेलू और टी20 क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है और अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का मौका मिलेगा।
हर्षित की जगह यश ठाकुर को मिला टीम में मौका
हर्षित राणा बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी फिटनेस पर काम कर रहे थे, लेकिन 7 सितंबर को मैच सिमुलेशन के दौरान गेंदबाजी करते समय उनकी रेक्टस फेमोरिस मांसपेशी में खिंचाव आ गया। इसी चोट के कारण उन्हें भारतीय टीम से बाहर होना पड़ा। हर्षित की जगह विदर्भ के 27 वर्षीय तेज गेंदबाज यश ठाकुर को टीम में शामिल किया गया है। यश ने हाल ही में जुलाई में जिम्बाब्वे के भारत दौरे के दौरान अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। उन्होंने इस दौरान दो मैच खेले और चार विकेट अपने नाम किए। घरेलू टी20 क्रिकेट में भी यश का रिकॉर्ड प्रभावशाली है। उन्होंने 50 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मैचों में 7.04 की इकॉनमी रेट से कुल 81 विकेट लिए हैं।
यश ठाकुर ने अब तक अपने क्रिकेट करियर में 76 टी20 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने कुल 114 विकेट लिए हैं जबकि उन्होंने 5 बार 4 विकेट हॉल जबकि दो बार 5 विकेट हॉल लेने का कमाल किया है। यश ठाकुर का टी20 क्रिकेट में बेस्ट गेंदबाजी 16 रन देकर 5 विकेट रहा है और उनका इकानॉमी रेट 8.20 का रहा है। लिस्ट ए में उन्होंने अब तक खेले 57 मैचों में 90 विकेट लिए हैं जबकि फर्स्ट क्लास के 33 मैचों में वो अब तक 97 विकेट लेने में सफल रहे हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारत की अपडेटेड टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर।
2026 एशियाई खेलों के लिए भारत की अपडेटेड टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर।


