नई दिल्ली : क्रिस्टियानो रोनाल्डो की टीम अल नस्र ने फुटबॉल की दुनिया में ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जिसे तोड़ना अब किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होगा। सऊदी प्रो लीग में अल खलीज के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ के दौरान गोल करते ही अल नस्र ने लगातार 94 मैचों में कम से कम एक गोल करने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस तरह टीम ने अर्जेंटीना के दिग्गज क्लब रिवर प्लेट का 93 मैचों का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो 1936 से 1939 के बीच बना था।
रोनाल्डो की टीम का ऐतिहासिक कारनामा, लगातार 94 मैचों में गोल; 87 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
इस पूरे 94 मैचों के सिलसिले के दौरान रोनाल्डो अल नस्र के कप्तान रहे हैं। पुर्तगाली स्टार ने 2023 में क्लब का दामन थामा था और तब से सऊदी प्रो लीग में 113 मैच खेल चुके हैं। इन मुकाबलों में उनके नाम 105 गोल हैं। हालांकि, रिकॉर्ड बनने के बावजूद अल नस्र अल खलीज के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर सका। ड्रॉ के बाद टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक गई। वह अल हिलाल से दो और अल इत्तिहाद से एक अंक पीछे है।
रोनाल्डो के लिए लगातार गोल करने का यह सिलसिला नया नहीं है। रियल मैड्रिड के साथ अपने शानदार दौर में वह उस टीम का हिस्सा थे, जिसने अप्रैल 2016 से सितंबर 2017 के बीच लगातार 73 मैचों में गोल किया था। वह रिकॉर्ड सभी प्रतियोगिताओं को मिलाकर था, जबकि अल नस्र का नया रिकॉर्ड शीर्ष स्तर की लीग के लगातार मैचों का है।


